
वन भूमि पर अवैध कब्जे का प्रयास: 10 अतिक्रमणकारी गिरफ्तार, दो नाबालिग भी शामिल
जगदलपुर। बस्तर जिले के माचकोट इलाके में वन भूमि पर बड़े पैमाने पर अवैध कब्जे का मामला सामने आया है। माचकोट रेंज के कक्ष क्रमांक आरएफ 1252 में अतिक्रमणकारियों ने जंगल की पेड़ों की कटाई कर वन भूमि पर कब्जा करने का प्रयास किया। कई दिनों से यह गतिविधि चल रही थी। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम ने मौके पर छापेमारी की और 10 अतिक्रमणकारियों को पेड़ काटते रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। सभी गिरफ्तार आरोपी सुकमा जिले के छिंदगढ़ क्षेत्र के निवासी हैं, जिनमें दो नाबालिग भी शामिल हैं।

पेड़ काटते हुए रंगे हाथ पकड़े गए आरोपी
अतिक्रमणकारियों ने वन भूमि को खंडित करने के लिए पेड़ों की अवैध कटाई शुरू कर दी थी। वन विभाग को गुप्त सूचना मिली कि माचकोट क्षेत्र में बड़े स्तर पर जंगल काटा जा रहा है। टीम के पहुंचते ही आरोपियों को मौके पर पकड़ा गया। यह कार्रवाई वन विभाग की नियमित पेट्रोलिंग और क्षेत्र निरीक्षण का नतीजा है।
सभी आरोपी सुकमा के छिंदगढ़ के निवासी
गिरफ्तार 10 आरोपियों में से 8 वयस्क हैं, जबकि दो नाबालिग हैं। सभी छिंदगढ़, सुकमा जिले के रहने वाले बताए जा रहे हैं। वन विभाग ने इनके खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए भारतीय वन अधिनियम 1927 और लोक संपत्ति क्षति निवारण अधिनियम 1984 की संबंधित धाराओं के तहत वन अपराध प्रकरण दर्ज किया है।
कोर्ट में पेशी, न्यायिक हिरासत में भेजे गए
आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया। 8 वयस्क आरोपियों को मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट, जिला बस्तर के समक्ष पेश किया गया, जबकि दो नाबालिगों को प्रधान न्यायिक मजिस्ट्रेट किशोर न्याय बोर्ड, जगदलपुर में प्रस्तुत किया गया। अदालत ने सभी को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया। वयस्कों को केंद्रीय जेल जगदलपुर और नाबालिगों को बाल संप्रेक्षण गृह जगदलपुर भेजा गया है।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



