
युवक का अपहरण कर बेरहमी से हत्या: नगर पंचायत क्षेत्र में सनसनी
तखतपुर। बरेला नगर पंचायत क्षेत्र में एक 21 वर्षीय युवक के दिनदहाड़े अपहरण के बाद उसकी निर्मम हत्या कर दी गई। इस सनसनीखेज वारदात से पूरे इलाके में दहशत और आक्रोश व्याप्त है। अपहरण के बाद घंटों मारपीट और गंभीर हालत में घर के पास फेंकने की इस घटना ने कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। मृतक की पहचान राजकुमार धुरी पिता बेनीराम (21 वर्ष), निवासी बरेला नगर पंचायत के रूप में हुई है।
बैंक से निकलते समय जबरन कार में बैठाया
परिजनों के अनुसार, घटना वाले दिन राजकुमार अपने ट्रैक्टर मालिक के साथ बिलासपुर स्थित पंजाब बैंक गया था। दोपहर करीब तीन बजे जब वह बैंक से बाहर निकल रहा था, तभी चार से पांच लोगों ने उसे जबरन कार में बैठाया और मौके से फरार हो गए। इस घटना की जानकारी ट्रैक्टर मालिक ने बाद में लौटकर मृतक के पिता बेनीराम को दी। सूचना मिलते ही परिवार सदमे में आ गया।

थाने में शिकायत दर्ज नहीं होने का आरोप
अपहरण की जानकारी मिलते ही पिता बेनीराम जरहागांव थाने पहुंचे और रिपोर्ट दर्ज कराने की कोशिश की। परिजनों का आरोप है कि पुलिस ने यह कहकर शिकायत दर्ज नहीं की कि घटना की पूरी जानकारी स्पष्ट नहीं है। निराश होकर परिवार थाने से वापस लौटा। शाम करीब पांच बजे राजकुमार घर के बरामदे में गंभीर हालत में पड़ा मिला। वह उल्टियां कर रहा था और असहनीय दर्द से कराह रहा था। परिजन तुरंत उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तखतपुर ले गए, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।
संपत्ति विवाद में संदिग्ध की भूमिका पर शक
परिजनों ने बरेला के एक स्थानीय व्यक्ति पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि यह व्यक्ति पिछले कई वर्षों से उनके मकान को बेचने के लिए दबाव बना रहा था। मकान न बेचने पर परिवार को लगातार धमकियां मिल रही थीं। संदिग्ध व्यक्ति का बेटा, एक महिला और उनके कुछ साथी पहले भी राजकुमार को ढूंढते हुए रिश्तेदारों के घरों तक पहुंचे थे, जिससे परिवार पहले से ही भय के साए में जी रहा था। परिजनों का मानना है कि संपत्ति विवाद ही हत्या की मुख्य वजह हो सकती है।
पुलिस ने दर्ज किया मामला, जांच जारी
घटना की सूचना मिलते ही तखतपुर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने जीरो एफआईआर दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए मर्चुरी भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद स्पष्ट कारण पता चलेगा और आगे की विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी। सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए संदिग्धों की तलाश की जा रही है।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



