
वन भूमि पर बेजा कब्जे पर कड़ा प्रहार! माचकोट जंगल में बड़ी कार्रवाई, 10 अतिक्रमणकारी गिरफ्तार
जगदलपुर। छत्तीसगढ़ के बस्तर जिले में वन भूमि पर अवैध कब्जे के खिलाफ वन विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 10 अतिक्रमणकारियों को गिरफ्तार किया है। मामला बस्तर के माचकोट रेंज अंतर्गत आरएफ कक्ष क्रमांक 1252 का है, जहां लंबे समय से जंगल को नुकसान पहुंचाकर वन भूमि पर कब्जे की कोशिश की जा रही थी।

वन विभाग को सूचना मिली थी कि कुछ लोग लगातार पेड़ों की कटाई कर जंगल क्षेत्र को खंडित कर रहे हैं। सूचना मिलते ही विभागीय दस्ते ने मौके पर दबिश दी और पेड़ काटते हुए 10 लोगों को रंगे हाथों पकड़ लिया।
सुकमा जिले के निवासी निकले आरोपी
पकड़े गए सभी अतिक्रमणकारी सुकमा जिले के छिंदगढ़ क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह सामूहिक रूप से वन भूमि पर कब्जा करने का प्रयास था। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में 2 नाबालिग भी शामिल हैं।

कानूनी कार्रवाई, सभी न्यायिक हिरासत में
वन विभाग ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय वन अधिनियम 1927 और लोक संपत्ति क्षति निवारण अधिनियम 1984 की सुसंगत धाराओं के तहत वन अपराध प्रकरण दर्ज किया है।
▪️ 8 वयस्क आरोपियों को मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट, जिला बस्तर के समक्ष पेश किया गया, जहां से उन्हें केंद्रीय जेल जगदलपुर भेजा गया।
▪️ वहीं 2 नाबालिगों को प्रधान न्यायिक मजिस्ट्रेट, किशोर न्याय बोर्ड जगदलपुर के समक्ष प्रस्तुत कर बाल संप्रेक्षण गृह भेजा गया है।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



