
1000 खर्च करने पर गुस्साए पति ने रेजर ब्लेड से पत्नी का रेता गला, फरार आरोपी गिरफ्तार
रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले से दिल दहला देने वाली घरेलू हिंसा की घटना सामने आई है। कोतरारोड़ थाना क्षेत्र में घर खर्च के ₹1000 खर्च हो जाने की बात पर गुस्साए पति ने अपनी पत्नी पर जानलेवा हमला कर दिया। आरोपी ने रेजर ब्लेड से पत्नी के गले पर वार कर गंभीर रूप से घायल कर दिया और मौके से फरार हो गया था। पुलिस ने लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

पीड़िता त्रिवेणी अगरिया (33 वर्ष) निवासी चिराईपानी ने पुलिस को बताया कि 25 मई 2025 की सुबह वह घर पर थी। एक दिन पहले उसके पति सावित्रो अगरिया ने घर खर्च के लिए ₹1000 दिए थे। जब राशि खर्च हो जाने की जानकारी दी गई, तो पति गाली-गलौज करते हुए हिंसक हो गया।
रेजर ब्लेड से गले पर वार
आरोप है कि विवाद के दौरान आरोपी ने रेजर ब्लेड निकालकर पत्नी के गले पर हमला कर दिया, जिससे उसका गला बुरी तरह जख्मी हो गया और खून बहने लगा। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
अस्पताल में चला इलाज
गंभीर रूप से घायल महिला को मेडिकल कॉलेज अस्पताल रायगढ़ में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के बाद 26 मई 2025 को उसे डिस्चार्ज किया गया। इसके बाद 27 मई को पीड़िता की शिकायत पर थाना कोतरारोड़ में मामला दर्ज किया गया।
हत्या के प्रयास की धारा जोड़ी गई
पुलिस ने अपराध क्रमांक 233/2025 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 296, 351(2), 115(2) में केस दर्ज किया। मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर बाद में धारा 109 (हत्या का प्रयास) भी जोड़ी गई।

बस से भागते वक्त गिरफ्तारी
घटना के बाद से फरार आरोपी सावित्रो अगरिया को लेकर पुलिस को सूचना मिली कि वह बच्चों से मिलने आने वाला है। 25 दिसंबर 2025 को पुलिस ने घेराबंदी कर बस से भागने की कोशिश कर रहे आरोपी को धर दबोचा। गिरफ्तार आरोपी सावित्रो अगरिया उर्फ टूनू उर्फ संतनू (36 वर्ष) निवासी ओडिशा व हाल मुकाम चिराईपानी को हत्या के प्रयास के आरोप में गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



