
दुर्ग में धोखाधड़ी का बड़ा खुलासा: 20 लाख लेकर मकान दूसरों को बेचने वाले तीन आरोपी गिरफ्तार
दुर्ग जिले के पुलिस चौकी अंजोरा, थाना पुलगांव ने धोखाधड़ी के एक बड़े मामले में कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने प्रार्थी से 20 लाख रुपये लेकर मकान को किसी और को बेच दिया था। घटना के बाद से फरार चल रहे इन आरोपियों में से एक पहले भी जेल जा चुकी है। पुलिस ने प्रकरण के अंतिम फरार आरोपी की तलाश तेज कर दी है।
मामले का विवरण
प्रार्थी संतोष कुमार देशमुख (52), ग्राम देवादा, थाना सोमनी, राजनांदगांव ने शिकायत दर्ज की थी कि आरोपियों पोषण निषाद, सकुन निषाद और प्रीति निषाद निवासी थनौद रोड, अंजोरा, थाना पुलगांव, दुर्ग ने अंजोरा में खसरा नंबर 586/4, रकबा 0.018 हेक्टेयर (1971 वर्ग फीट) की भूमि पर बने मकान को 17 अप्रैल 2023 को 46 लाख रुपये में बेचने का सौदा किया। प्रार्थी से 20 लाख रुपये नकद और चेक के माध्यम से लिए गए, लेकिन रजिस्ट्री से पहले ही आरोपियों ने उक्त मकान को मो. वसीम खान को 46.50 लाख रुपये में बेचने के लिए 5 लाख रुपये एडवांस ले लिया।
योजनाबद्ध तरीके से धोखाधड़ी
प्रार्थी को जानकारी होने पर उसने वसीम खान और उनकी पत्नी हुस्ना बेगम से संपर्क किया।

आरोपियों ने प्रार्थी से 3.30 लाख रुपये और ले लिए और मकान की रजिस्ट्री हुस्ना बेगम के नाम करा दी। इस तरह पोषण(25), सकुन, प्रीति, वसीम और हुस्ना ने मिलकर योजनाबद्ध तरीके से धोखाधड़ी की। पुलिस ने अपराध क्रमांक 196/2025, धारा 420, 120(बी) भादवि के तहत प्रकरण दर्ज किया।
आरोपियों की गिरफ्तारी
विवेचना के दौरान हुस्ना बेगम को 12 जून 2025 को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया। शेष आरोपी फरार थे, जिनमें से पोषण निषाद, प्रीति निषाद और सकुन निषाद को 24 जून 2025 को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में आरोपियों ने अपराध कबूल किया। उनके पास से धोखाधड़ी की रकम में से 5500 रुपये (पोषण से 2000 और सकुन से 3500 रुपये) बरामद किए गए। शेष रकम खर्च होने की बात सामने आई। आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर कोर्ट में पेश किया गया।
फरार आरोपी की तलाश जारी
प्रकरण का मुख्य आरोपी मो. वसीम खान अभी फरार है। पुलिस उसकी तलाश में सक्रिय है और जल्द गिरफ्तारी की उम्मीद जताई जा रही है। इस कार्रवाई में चौकी प्रभारी खगेन्द्र पठारे, सउनि रेमन साहू, प्रआर आशीष राजपूत, आर टोमन देशमुख, आर योगेश चंद्राकर और म.आर सीमा साहू की अहम भूमिका रही।
हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें 👇👇
https://chat.whatsapp.com/IJrppjHVVwT5Q6vKhLAfuT



