
डिजिटल अरेस्ट का डर दिखाकर सेवानिवृत्त कर्मचारी से 6.5 लाख की ठगी
अंब। साइबर ठगों ने एक बार फिर डिजिटल अरेस्ट का नया तरीका अपनाते हुए बड़ी ठगी को अंजाम दिया है। वीडियो कॉल के जरिए पुलिस कार्रवाई और गिरफ्तारी का डर दिखाकर ठगों ने पंजाब से सेवानिवृत्त चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी से 6.5 लाख रुपए ठग लिए। पीड़ित मूल रूप से हिमाचल प्रदेश के अंब उपमंडल और जसवां क्षेत्र की सीमा में स्थित एक गांव का निवासी है।
परिवार अमृतसर में, पीड़ित गांव में था
पीड़ित का परिवार अमृतसर में रहता है, जबकि सेवानिवृत्ति के बाद वह इन दिनों अपने मूल गांव में था। गत मंगलवार को ठगों ने उसे फोन किया और खुद को पुलिस अधिकारी बताकर बात शुरू की। ठगों ने बेहद शातिराना अंदाज में जाल बिछाया।

दिल्ली में 6.5 करोड़ के फ्रॉड का झांसा
ठगों ने पीड़ित को बताया कि दिल्ली स्थित केनरा बैंक में 6.5 करोड़ रुपए का बड़ा फ्रॉड हुआ है। जांच में 243 लोगों के नाम सामने आए हैं, जिनमें पीड़ित का नाम भी शामिल है। ठगों ने दावा किया कि पीड़ित के नाम पर एक डुप्लीकेट सिम जारी हुई थी, जिसका इस्तेमाल डकैती और अन्य गंभीर अपराधों में किया गया।
वीडियो कॉल पर दिखाया डिजिटल अरेस्ट
ठगों ने वीडियो कॉल के माध्यम से फर्जी पुलिस वर्दी और आईकार्ड दिखाकर पीड़ित को डिजिटल अरेस्ट का डर दिखाया। उन्होंने कहा कि गिरफ्तारी से बचने के लिए तुरंत बैंक ऑफ इंडिया की बताई गई शाखा के एक खाते में 6.5 लाख रुपए जमा कराने होंगे। जांच पूरी होने पर यदि वह बेकसूर निकला तो पूरी राशि वापस कर दी जाएगी।
डर के मारे ट्रांसफर कर दी राशि
डर और दबाव में आए पीड़ित ने ठगों की बात मान ली और बताए गए खाते में 6.5 लाख रुपए ट्रांसफर कर दिए। बाद में जब उसे शक हुआ तो उसने परिवार और पुलिस को सूचना दी। अब मामले की शिकायत दर्ज कराई गई है।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



