
सेना के जवानों को इंस्टाग्राम पर पोस्ट, लाइक और कमेंट की मनाही, सिर्फ रील देखने की मिलेगी अनुमति
नई दिल्ली। भारतीय सेना ने सोशल मीडिया के उपयोग को लेकर बड़ा और सख्त फैसला लिया है। डेटा सुरक्षा और ऑपरेशनल सिक्योरिटी को ध्यान में रखते हुए अब सेना के जवान और अधिकारी इंस्टाग्राम पर केवल रील और कंटेंट देखने तक सीमित रहेंगे। वे न तो कोई पोस्ट कर सकेंगे, न ही किसी पोस्ट को लाइक या कमेंट कर पाएंगे।

सूत्रों के मुताबिक, सेना की ओर से यह नया निर्देश सभी यूनिटों और विभागों को जारी कर दिया गया है। हालांकि, सोशल मीडिया के इस्तेमाल को लेकर पहले से लागू अन्य सभी नियम यथावत रहेंगे।
फर्जी और भ्रामक कंटेंट पर रहेगी नजर
जानकारी के अनुसार, इस नई नीति का उद्देश्य जवानों को सोशल मीडिया पर मौजूद सामग्री से अवगत कराना है, ताकि वे फर्जी, भ्रामक या राष्ट्रविरोधी कंटेंट की पहचान कर सकें और इसकी सूचना अपने वरिष्ठ अधिकारियों तक पहुंचा सकें।
सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी का बयान
हाल ही में चाणक्य डिफेंस डायलॉग में थल सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी ने सोशल मीडिया और स्मार्टफोन के उपयोग पर खुलकर बात की थी। उन्होंने कहा था कि आज के समय में स्मार्टफोन सैनिकों की एक जरूरत बन चुका है, क्योंकि इससे वे अपने परिवार से जुड़े रह सकते हैं और जरूरी डिजिटल कार्य कर सकते हैं। हालांकि उन्होंने यह भी स्पष्ट किया था कि सोशल मीडिया पर क्या पोस्ट करना है और क्या नहीं, इस पर सख्त नियंत्रण बेहद जरूरी है, क्योंकि इससे देश की सुरक्षा जुड़ी हुई है।

सेना का संदेश साफ
भारतीय सेना का यह कदम साफ संकेत देता है कि सैनिकों की डिजिटल गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जाएगी, ताकि किसी भी तरह की संवेदनशील जानकारी लीक न हो और राष्ट्रीय सुरक्षा से कोई समझौता न हो।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



