
अचानक धूं – धूं कर जलने लगा इलेक्ट्रिक ऑटो, बाल-बाल बचा ड्राइवर…
कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले से एक बड़ा हादसा सामने आया है, जहां टीपी नगर स्थित सीएसईबी चौकी क्षेत्र में खड़ी एक इलेक्ट्रिक ऑटो में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और ऑटो पूरी तरह जलकर खाक हो गया। राहत की बात यह रही कि हादसे के वक्त चालक ऑटो से बाहर था, जिससे उसकी जान बच गई।

कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पाया काबू
यह घटना मोंट्रा इलेक्ट्रिक ऑटो एजेंसी के बाहर उस समय हुई, जब चालक पुने राम दिनकर (निवासी रजगामार) अपनी इलेक्ट्रिक ऑटो की सर्विसिंग कराने एजेंसी पहुंचे थे। बताया जा रहा है कि चालक ने ऑटो बाहर खड़ी की और जैसे ही अंदर गया, अचानक वाहन से धुआं निकलने लगा। कुछ ही पलों में आग भड़क उठी, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
आसपास मौजूद लोगों और एजेंसी कर्मचारियों ने पहले पानी डालकर आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन आग दोबारा भड़क उठी। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका, तब तक ऑटो पूरी तरह जल चुका था।

शॉर्ट सर्किट की आशंका
प्रारंभिक तौर पर आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है, हालांकि आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। पुलिस और संबंधित विभाग मामले की जांच में जुट गए हैं।इस घटना के बाद इलेक्ट्रिक वाहनों की सुरक्षा और सर्विसिंग के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



