
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में लगी भीषण आग: जनरल वार्ड में झुलसकर युवक की मौत, जांच में जुटी पुलिस
सक्ती। छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले से एक गंभीर और सनसनीखेज घटना सामने आई है। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सक्ती के जनरल वार्ड में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। इस हादसे में वार्ड में मौजूद एक युवक की मौके पर ही झुलसकर मौत हो गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, जैसे ही वार्ड में आग की लपटें उठीं, अस्पताल परिसर में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। मरीजों और उनके परिजनों में दहशत फैल गई। सूचना मिलते ही सक्ती थाना प्रभारी लखन पटेल पुलिस टीम के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रण में लिया।
आग लगने के कारणों पर सस्पेंस
फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। मृतक युवक की पहचान भी अभी नहीं हो पाई है। पुलिस ने अस्पताल प्रबंधन, ड्यूटी पर मौजूद स्टाफ और प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ शुरू कर दी है। साथ ही अस्पताल परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।

पुलिस जांच में जुटी
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही आग लगने की असली वजह और घटना के पीछे के कारणों का खुलासा हो सकेगा। इस घटना के बाद अस्पताल परिसर सहित पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



