
तेज रफ्तार हाइवा ने बाइक सवार युवक को कुचला, मौके पर मौत
बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले के अर्जुन्दा क्षेत्र में सोमवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। राजनांदगांव–बालोद मुख्य मार्ग पर रेत से भरे तेज रफ्तार हाइवा ने बाइक सवार युवक को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई।
घर लौटते समय हुआ हादसा
मृतक की पहचान बोरगहन निवासी राजा गौठिया (27 वर्ष) के रूप में हुई है। पुलिस और स्थानीय लोगों के अनुसार राजा अर्जुन्दा के दाउ पारा से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान निर्मल किराना दुकान के सामने सामने से आ रहे तेज रफ्तार हाइवा ने उनकी बाइक को चपेट में ले लिया।

टक्कर इतनी भीषण कि मौके पर तोड़ा दम
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि युवक का सिर गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त हो गया। अत्यधिक रक्तस्राव होने के कारण राजा गौठिया ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद कुछ देर के लिए सड़क पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची
घटना की जानकारी मिलते ही अर्जुन्दा पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने हाइवा वाहन को जब्त कर चालक की तलाश शुरू कर दी है।
परिजनों में मचा कोहराम
युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में शोक का माहौल है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और दुर्घटना के कारणों की पड़ताल की जा रही है।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



