
न्यू ईयर से पहले रायपुर में MDMA ड्रग्स सिंडिकेट का भंडाफोड़, 24 घंटे में 5 आरोपी गिरफ्तार
रायपुर। न्यू ईयर ईव के मद्देनजर राजधानी रायपुर में होने वाली हाई-प्रोफाइल पार्टियों में एमडीएमए (MDMA) ड्रग्स की सप्लाई की साजिश को पुलिस ने नाकाम कर दिया है। एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और थाना न्यू राजेन्द्र नगर पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में एक बड़े ड्रग्स सिंडिकेट का पर्दाफाश करते हुए 5 आरोपियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया है।

यह कार्रवाई रायपुर रेंज आईजी अमरेश मिश्रा और एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन निश्चय” के तहत की गई। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की योजना न्यू ईयर ईव पर बड़े होटलों और फार्म हाउस पार्टियों में MDMA सप्लाई करने की थी।
फ्लैट में चल रहा था ड्रग्स का खेल
पुलिस को 23 दिसंबर को सूचना मिली थी कि न्यू राजेन्द्र नगर थाना क्षेत्र के वरण अपार्टमेंट स्थित एक फ्लैट में MDMA ड्रग्स रखकर सप्लाई की तैयारी की जा रही है। सूचना की पुष्टि के बाद संयुक्त टीम ने दबिश दी, जहां चार युवक और एक युवती मौजूद मिले। पूछताछ में युवती विधि के साथ संघर्षरत बालिका पाई गई।

10 ग्राम MDMA, नकदी और मोबाइल जब्त
तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से
- 10 ग्राम MDMA ड्रग्स
- 20 हजार रुपये नकद
- 4 मोबाइल फोन
बरामद किए गए। जब्त सामग्री की कुल कीमत करीब 3.50 लाख रुपये आंकी गई है।
नागपुर से रायपुर तक फैला नेटवर्क
जांच में सामने आया कि आरोपी शुभम राजूधावड़े नागपुर (महाराष्ट्र) से MDMA की खेप रायपुर लाता था, जबकि पराग बरछा उर्फ रघु राजधानी में मुख्य सप्लायर की भूमिका निभा रहा था। न्यू राजेन्द्र नगर स्थित फ्लैट को ड्रग्स के स्टोरेज और सप्लाई पॉइंट के रूप में इस्तेमाल किया जा रहा था।

NDPS एक्ट के तहत केस दर्ज
पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ थाना न्यू राजेन्द्र नगर में अपराध क्रमांक 286/25 के तहत धारा 21(बी) और 29 NDPS एक्ट में मामला दर्ज किया है। कुछ अन्य आरोपियों की भूमिका की जांच जारी है, वहीं फरार आरोपियों की तलाश भी तेज कर दी गई है।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



