
खेत में युवक की जली हुई लाश मिलने से सनसनी, सबूत मिटाने के लिए शव जलाने की कोशिश
रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के छपोरा गांव में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। गांव के बाहर स्थित खेत में एक युवक की जली हुई लाश मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। आशंका जताई जा रही है कि अज्ञात आरोपियों ने पहले युवक की हत्या की और फिर पहचान छिपाने व सबूत मिटाने के इरादे से शव को जलाने की कोशिश की।

शव के पहचान में जुटी पुलिस
सोमवार सुबह खेत की ओर गए ग्रामीणों ने जब जली हुई हालत में शव देखा, तो तुरंत विधानसभा थाना पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, क्षेत्र की घेराबंदी कर मर्ग कायम किया और जांच शुरू की। पुलिस के मुताबिक मृतक की उम्र करीब 30 से 32 वर्ष के बीच बताई जा रही है। शव बुरी तरह झुलसा होने के कारण फिलहाल उसकी पहचान नहीं हो पाई है।

फॉरेंसिक टीम जुटी सबूतों में
घटना की गंभीरता को देखते हुए मौके पर फॉरेंसिक टीम को बुलाया गया, जिसने साक्ष्य जुटाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में यह आशंका जताई जा रही है कि हत्या कहीं और की गई और शव को खेत में लाकर जलाया गया। पुलिस आसपास के गांवों में लापता व्यक्तियों की जानकारी जुटा रही है और स्थानीय ग्रामीणों से पूछताछ की जा रही है।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



