
जंगल में तेंदुए की रहस्यमयी मौत! चारों पंजे गायब, डॉग स्क्वायड जांच में जुटा
धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले से वन्यजीव अपराध का एक गंभीर मामला सामने आया है। मगरलोड वन परिक्षेत्र अंतर्गत कोरगांव के जंगल में एक तेंदुए का शव मिलने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। तेंदुए की मौत को लेकर संदेह और गहराता जा रहा है, क्योंकि उसके चारों पैरों के पंजे गायब पाए गए हैं। इस घटना ने वन्यजीव तस्करी की आशंका को और मजबूत कर दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार यह मामला मगरलोड रेंज के उत्तर सिंगपुर कक्ष क्रमांक 23 का है। 22 दिसंबर की शाम करीब 4:45 बजे स्थानीय चरवाहों ने जंगल में तेंदुए का शव देखा, जिसके बाद तत्काल वन विभाग को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही वन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और क्षेत्र की घेराबंदी कर जांच शुरू की।

पोस्टमार्टम पूरा, रिपोर्ट का इंतजार
वन अमले ने तेंदुए के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया है। हालांकि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि तेंदुए की मौत प्राकृतिक कारणों से हुई या फिर उसका शिकार किया गया।
डॉग स्क्वायड की तैनाती
घटना की गंभीरता को देखते हुए जंगल सफारी रायपुर से डॉग स्क्वायड की विशेष टीम को धमतरी बुलाया गया है। टीम ने रातभर जंगल और आसपास के इलाकों में सघन सर्च अभियान चलाया। संभावित रास्तों, पैरों के निशान और अन्य सुरागों की बारीकी से जांच की जा रही है।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



