
Raipur: विदेशी एप पर चैटिंग करने वालों पर पुलिस का बड़ा एक्शन
आधी रात राजधानी में ताबड़तोड़ छापेमारी, कई थानों में पूछताछ
राजधानी रायपुर में विदेशी एप के जरिए चैटिंग करने वाले लोगों के खिलाफ पुलिस और साइबर क्राइम विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए आधी रात को शहरभर में ताबड़तोड़ छापेमारी की। इस कार्रवाई से पूरी राजधानी में हड़कंप मच गया। पुलिस ने नूरजहां होटल के मालिक, भारत सिल्क हाउस के संचालक समेत दर्जनों लोगों को पूछताछ के लिए थानों ले जाया।
कई इलाकों में एकसाथ छापे
पुलिस टीमों ने बैजनाथपारा, राजातालाब, सिविल लाइन, मोवा, सड्डू, बैरनबाजार, कचना, पंडरी, मोदहापारा, तेलीबांधा और अंवंतिबाई चौक सहित कई इलाकों में एकसाथ छापेमारी की। अचानक हुई इस कार्रवाई से लोगों में दहशत का माहौल बन गया।
विदेशी कनेक्शन के शक में जांच
पुलिस सूत्रों के अनुसार, जिन लोगों को हिरासत में लिया गया है, उनके मोबाइल से विदेशी एप पर चैटिंग के इनपुट मिले थे। आशंका जताई जा रही है कि कुछ मामलों में विदेशी कनेक्शन भी हो सकता है। इसी आधार पर सभी से गहन पूछताछ की जा रही है।

आधी रात थानों में रोते-बिलखते रहे लोग
छापेमारी के दौरान कई लोग अपने परिजनों और राजनीतिक रसूखदारों को फोन कर मदद की गुहार लगाते नजर आए। आधी रात तक थानों में रोने-बिलखने और अपनी बेगुनाही बताने का सिलसिला चलता रहा। कई लोगों को यह तक समझ नहीं आ रहा था कि उन्हें किस आरोप में उठाया गया है।
दिल्ली से मिला था इनपुट
खबरदारों की मानें तो पुलिस और साइबर क्राइम विभाग को दिल्ली से इनपुट मिला था कि छत्तीसगढ़ में कुछ लोग संदिग्ध विदेशी संपर्क में हैं। नए साल और 26 जनवरी को देखते हुए सुरक्षा कारणों से पुलिस ने दिन के बजाय रात में कार्रवाई करना उचित समझा, ताकि किसी तरह की भगदड़ या कानून-व्यवस्था की स्थिति न बने।
कुछ संदिग्ध अब भी फरार
हालांकि, पुलिस कार्रवाई के बावजूद कुछ बदमाश किस्म के संदिग्ध अब भी फरार बताए जा रहे हैं। पुलिस टीमें उनकी तलाश में जुटी हुई हैं और आने वाले समय में और भी गिरफ्तारियां होने की संभावना जताई जा रही है।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V


