
इंस्टाग्राम फ्रेंड ने युवती से किया दुष्कर्म, आरोपी गिरफ्तार
रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में सोशल मीडिया के जरिए दोस्ती कर युवती से दुष्कर्म का गंभीर मामला सामने आया है। पुसौर थाना क्षेत्र में इंस्टाग्राम पर हुई जान-पहचान के बाद शादी का झांसा देकर शारीरिक शोषण करने वाले आरोपी युवक को पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
सोशल मीडिया से शुरू हुई दोस्ती
पीड़िता के अनुसार लगभग एक वर्ष पूर्व उसकी पहचान इंस्टाग्राम आईडी के माध्यम से संदीप प्रधान, निवासी बोरोडीपा चौक, पुसौर से हुई थी। इसके बाद दोनों के बीच मोबाइल पर नियमित बातचीत होने लगी और आरोपी ने धीरे-धीरे शादी का भरोसा दिलाया।

शादी का झांसा देकर किया शारीरिक शोषण
पीड़िता ने बताया कि जनवरी 2024 से अप्रैल 2024 के बीच आरोपी ने उसे अलग-अलग स्थानों पर ले जाकर शादी का वादा करते हुए जबरन शारीरिक संबंध बनाए। लंबे समय तक भरोसे में रखने के बाद आरोपी ने अचानक विवाह से साफ इंकार कर दिया।
थाने में दर्ज कराई गई रिपोर्ट
आरोपी के इनकार के बाद पीड़िता ने 31 अक्टूबर 2025 को पुसौर थाना पहुंचकर लिखित आवेदन दिया। शिकायत के आधार पर थाना पुसौर में आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 294/2025 धारा 69 भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
त्वरित कार्रवाई में आरोपी गिरफ्तार
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुसौर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी संदीप प्रधान को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



