
SAFEMA के तहत बड़ी कार्रवाई: गांजा तस्कर राकेश वर्मा की 1.5 करोड़ की संपत्ति जब्त, 13 प्लॉट सीज
रायपुर। छत्तीसगढ़ में मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ पुलिस और प्रशासन की सख्त कार्रवाई जारी है। रायपुर पुलिस ने SAFEMA (स्मगलर्स एंड फॉरेन एक्सचेंज मैनिपुलेटर्स एक्ट) के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए फरार गांजा तस्कर राकेश वर्मा की करोड़ों रुपये की अचल संपत्ति जब्त की है। आरोपी और उसके परिजनों के नाम पर दर्ज 13 प्लॉट, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 1.5 करोड़ रुपये बताई जा रही है, को सीज किया गया है।

27 किलो से ज्यादा गांजा के साथ हुआ था खुलासा
मामला थाना खरोरा के अपराध क्रमांक 308/25, धारा 20बी नारकोटिक एक्ट से जुड़ा है। 20 मई 2025 को एण्टी क्राइम एवं साइबर यूनिट तथा थाना खरोरा पुलिस की संयुक्त टीम ने ग्राम छड़िया से मोहन सिंह कोशले उर्फ राकेश (40 वर्ष) को गिरफ्तार किया था। आरोपी के कब्जे से 27.894 किलोग्राम गांजा, जिसकी कीमत करीब 4.18 लाख रुपये आंकी गई थी, बरामद किया गया था।
पूछताछ में गिरफ्तार आरोपी ने बताया था कि जब्त गांजा राकेश वर्मा पिता रूपूराम वर्मा (45 वर्ष), निवासी ग्राम खपरीडीहखुर्द, थाना खरोरा का है। घटना के बाद से मुख्य आरोपी राकेश वर्मा फरार चल रहा है।

SAFEMA कोर्ट मुंबई के आदेश पर संपत्ति जब्ती
प्रकरण में थाना प्रभारी खरोरा द्वारा गांजा तस्करी से अवैध रूप से अर्जित संपत्ति को जब्त करने के लिए SAFEMA कोर्ट, मुंबई में प्रतिवेदन भेजा गया था। कोर्ट के आदेश के बाद ग्राम खपरीडीहखुर्द, खरोरा में अलग-अलग स्थानों पर स्थित आरोपी और उसके परिवार के नाम दर्ज 13 अचल संपत्तियों (भूमि) को जब्त किया गया।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



