
बालोद में हाई वोल्टेज ड्रामा: 60 फीट ऊंची टंकी पर चढ़ा मानसिक रूप से परेशान युवक, पुलिस की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा
बालोद। जिले के आदिवासी विकासखंड डौंडी अंतर्गत ग्राम सुवरबोड़ में सोमवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक मानसिक रूप से परेशान युवक 60 फीट ऊंची पानी की टंकी पर चढ़ गया और घंटों तक नीचे उतरने से इनकार करता रहा। घटना की सूचना मिलते ही गांव में लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।

जानकारी के मुताबिक, युवक की पहचान पूना राम मंडावी (37 वर्ष) के रूप में हुई है, जो अपने ससुराल में रह रहा था और उसके तीन बच्चे हैं। बताया जा रहा है कि वह पिछले कुछ समय से मानसिक रूप से परेशान था और उसका इलाज भी चल रहा है। सोमवार सुबह अचानक वह गांव की पानी की टंकी पर चढ़ गया और हंगामा करने लगा।
घंटों की मशक्कत के बाद रेस्क्यू
घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों ने पहले युवक को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह नहीं माना। इसके बाद बालोद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पानी की टंकी से पहले पानी खाली कराया गया। पुलिस ने सूझबूझ और संयम से काम लेते हुए घंटों की मशक्कत के बाद युवक को सुरक्षित नीचे उतारा। इसके बाद उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार किया गया।

मानसिक उपचार के लिए भेजा जाएगा सेंदरी
पुलिस के अनुसार, इलाज के बाद युवक को राज्य मानसिक चिकित्सालय सेंदरी (बिलासपुर) भेजने की तैयारी की जा रही है, ताकि उसका बेहतर उपचार हो सके। घटना के बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



