
Raipur: गांजा तस्करी पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, दो शातिर तस्कर गिरफ्तार
उड़ीसा से ट्रेन के जरिए लाई गई थी खेप
राजधानी रायपुर में देवेन्द्र नगर थाना पुलिस ने नशीले पदार्थों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए दो शातिर गांजा तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपी उड़ीसा से ट्रेन के माध्यम से भारी मात्रा में गांजा लेकर रायपुर पहुंचे थे और शहर के कालीबाड़ी इलाके में इसकी डिलीवरी देने की फिराक में थे।
मुखबिर की सूचना पर हुई घेराबंदी
शनिवार शाम करीब 3:20 बजे देवेन्द्र नगर थाना पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि वाल्टियर लाइन रेलवे पटरी, त्रिमुर्ति नगर के पास दो संदिग्ध व्यक्ति खड़े हैं। दोनों के पास एक मेहरून रंग का ट्रॉली बैग था और वे राहगीरों से कालीबाड़ी जाने का रास्ता पूछ रहे थे, जिससे पुलिस को शक हुआ।

14 किलो से अधिक गांजा बरामद
सूचना मिलते ही सउनि देवेन्द्र बंजारे के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और दोनों संदिग्धों को पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उनके कब्जे से 14 किलो से अधिक गांजा बरामद किया गया, जिसकी बाजार कीमत करीब 1.43 लाख रुपये बताई जा रही है।

एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पूछताछ में गांजा तस्करी से जुड़े नेटवर्क और अन्य संलिप्त लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



