
हत्या की गुत्थी में सनसनीखेज मोड़: मृत घोषित युवक निकला जिंदा, अधजली लाश किसकी? जशपुर पुलिस फिर से जांच में जुटी
जशपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में सामने आए एक हत्याकांड ने पुलिस और आमजन दोनों को चौंका दिया है। करीब दो महीने पहले अधजली लाश मिलने के मामले में जिसे पुलिस रिकॉर्ड में मृत घोषित किया गया था, वही युवक सीमित खाखा जिंदा मिला है। यह सनसनीखेज खुलासा होते ही पूरे मामले ने रहस्य का रूप ले लिया है। अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि अधजली लाश आखिर किसकी थी?
क्या है पूरा मामला
18 अक्टूबर 2025 को सिटी कोतवाली जशपुर को ग्राम पुरनानगर के तुरीटोंगरी इलाके में एक गड्ढे में अज्ञात युवक का अधजला शव पड़े होने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंची पुलिस ने पंचनामा कर शव का पोस्टमार्टम कराया। रिपोर्ट में मौत का कारण हत्यात्मक पाए जाने पर बीएनएस की धारा 103(1) और 238(क) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। शव का अधिकांश हिस्सा जला हुआ होने के कारण उसकी पहचान करना पुलिस के लिए बड़ी चुनौती बन गया था। पुलिस ने फोटो सर्कुलेट किए, गुमशुदगी के मामलों की पड़ताल की और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया।

सीमित खाखा बताकर हुई शिनाख्ती
जांच के दौरान सूचना मिली कि ग्राम सिटोंगा निवासी सीमित खाखा कुछ समय पहले अन्य युवकों के साथ झारखंड के हजारीबाग मजदूरी करने गया था। इसके बाद शव की शिनाख्ती कार्यपालिक मजिस्ट्रेट के समक्ष कराई गई, जहां परिजनों ने शव को सीमित खाखा का बताया। पुलिस ने फॉरेंसिक एक्सपर्ट से ‘सीन ऑफ क्राइम’ रिक्रिएशन कराया और आरोपियों के बयान न्यायिक मजिस्ट्रेट के समक्ष दर्ज कराए गए, जिसमें घटना को अंजाम देने की बात स्वीकार की गई।
जिंदा लौटा युवक, परिवार हैरान
हाल ही में सीमित खाखा अपने गांव सिटोंगा वापस लौटा। उसे जीवित देख परिवार के होश उड़ गए। परिजनों ने तत्काल इसकी सूचना सिटी कोतवाली जशपुर को दी। पूछताछ में सीमित खाखा ने बताया कि वह पिछले कुछ महीनों से झारखंड के हजारीबाग में मजदूरी कर रहा था।

अब नए सिरे से जांच
मामले को लेकर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर शशि मोहन सिंह ने बताया कि वास्तविक मृतक की पहचान के लिए राजपत्रित अधिकारी के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई है। परिस्थितिजन्य साक्ष्यों के आधार पर पूर्व में कार्रवाई की गई थी, लेकिन अब पूरे मामले की दोबारा जांच की जा रही है।इस चौंकाने वाले घटनाक्रम के बाद पुलिस की कार्रवाई और शव की गलत पहचान को लेकर भी कई सवाल खड़े हो गए हैं। फिलहाल पुलिस अधजली लाश की असली पहचान और पूरे घटनाक्रम की कड़ियों को जोड़ने में जुटी हुई है।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



