
Durg: साहू ट्रेवल्स बस की टक्कर से युवक की दर्दनाक मौत, दो बच्चे बाल-बाल बचे
दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में शनिवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में 40 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई। यह घटना पाटन ब्लॉक अंतर्गत जामगांव आर थाना क्षेत्र की है, जहां साहू ट्रेवल्स की तेज रफ्तार बस ने बाइक सवार युवक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में युवक के साथ मौजूद दोनों बच्चे सुरक्षित बच गए।
कार्यालय से लौटते वक्त हुआ हादसा
मृतक की पहचान पौहा निवासी तरुण चंद्राकर (40 वर्ष) के रूप में हुई है। वे कुम्हली सेवा सहकारी समिति में कंप्यूटर ऑपरेटर के पद पर कार्यरत थे। शनिवार को कार्यालय का काम निपटाने के बाद वे अपने दो बच्चों के साथ पौहा से जामगांव आर बाजार की ओर जा रहे थे।

आमने-सामने की टक्कर बनी मौत का कारण
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार शाम करीब 5:15 बजे पौहा और कुम्हली गांव के बीच विपरीत दिशा से आ रही साहू ट्रेवल्स की सवारी बस (क्रमांक CG 05 J 0124) ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि तरुण चंद्राकर की मौके पर ही मौत हो गई।
बच्चे सुरक्षित, गांव में मातम
हादसे के समय बाइक पर सवार दोनों बच्चों को कोई चोट नहीं आई, जिससे परिजनों ने राहत की सांस ली। वहीं, तरुण चंद्राकर की असमय मौत से पौहा गांव में शोक का माहौल है।
पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही जामगांव आर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस ने बस चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



