
संजय मार्केट में खून से लथपथ बुजुर्ग की लाश मिलने से हड़कंप, हत्या या हादसा—जांच में जुटी पुलिस
जगदलपुर: शहर के संजय मार्केट में शनिवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक बुजुर्ग व्यक्ति की खून से लथपथ लाश मिली। घटना की सूचना मिलते ही बाजार में हड़कंप मच गया। मामला सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र का है। फिलहाल यह हत्या है या हादसा, इसका खुलासा नहीं हो पाया है और पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है।
मृतक की हुई शिनाख्त
मृतक की पहचान बद्री गुप्ता (70 वर्ष) के रूप में हुई है, जो पथरागुड़ा इलाके का रहने वाला बताया जा रहा है। सुबह जब व्यापारी दुकानें खोलने पहुंचे, तो उन्होंने बाजार परिसर में बुजुर्ग की लाश देखी और तुरंत पुलिस को सूचना दी।

मौके पर पहुंची पुलिस
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी सहित सिटी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल को घेराबंदी कर सुरक्षित किया और शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया। घटनास्थल पर फॉरेंसिक जांच भी कराई गई है।
घटनास्थल पर मिला पत्थर
जिस स्थान पर बुजुर्ग का शव पड़ा मिला, वहां पास में एक पत्थर भी पाया गया है। कुछ स्थानीय लोगों का अनुमान है कि बुजुर्ग का पैर फिसल गया होगा और वे पत्थर से टकराकर गिर पड़े हों, जिससे गंभीर चोट लगने के कारण उनकी मौत हो गई हो।
हत्या के एंगल से भी जांच
हालांकि पुलिस इस मामले को हत्या की आशंका मानकर भी जांच कर रही है। घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि घटना दुर्घटना थी या किसी आपराधिक वारदात का नतीजा।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो पाएगा। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच तेज कर दी है।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



