
रायगढ़ में तालाब में डूबने से हाथी शावक की गई जान, तीन महीने में 5वीं मौत
रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले से वन्यजीवों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ाने वाली खबर सामने आई है। वन परिक्षेत्र रायगढ़ के बंगुरसिया सर्किल अंतर्गत बड़झरिया तालाब में नहाने के दौरान हाथी के शावक की डूबने से मौत हो गई। जिले में बीते तीन महीनों के भीतर यह हाथी की पांचवीं मौत है।
बताया जा रहा है कि शुक्रवार रात हाथियों का एक बड़ा दल तालाब में नहाने पहुंचा था। इसी दौरान शावक गहरे पानी में चला गया और बाहर नहीं निकल सका। रात करीब 10 से 11 बजे के बीच हाथियों की तेज चिंघाड़ सुनाई दी, जिससे वन अमले को घटना की जानकारी मिली।
हाथियों का दल करता रहा बचाने की कोशिश
एसडीओ फॉरेस्ट मनमोहन मिश्रा ने बताया कि मौके पर मौजूद बड़े हाथी अपने पैरों से शावक को उठाने की कोशिश करते नजर आए। हालांकि दल में करीब 30 से 32 हाथी होने के कारण वन विभाग का स्टाफ रात में मौके पर नहीं पहुंच सका। सुबह जब वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची, तो शावक मृत अवस्था में मिला। प्रारंभिक तौर पर मौत का कारण पानी में डूबना माना जा रहा है।

पीएम रिपोर्ट से होगा खुलासा
वन विभाग ने शावक के शव को इंद्रा विहार ले जाकर विधिवत अंतिम संस्कार कराया। अधिकारियों ने बताया कि मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



