
सुपेला में पुलिसकर्मी के साथ मारपीट, अहाता संचालक की गुंडागर्दी
ड्यूटी से लौटते समय हुई वारदात
दुर्ग। जिले के थाना सुपेला अंतर्गत चौकी स्मृति नगर क्षेत्र में शराब अहाते के संचालक और उसके साथियों द्वारा एक पुलिस आरक्षक के साथ मारपीट और लूटपाट किए जाने का मामला सामने आया है। घटना 15 दिसंबर 2025 की रात की बताई जा रही है। पीड़ित पुलिस आरक्षक ने इस संबंध में थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है।

आरक्षक ने आवेदन में बताई पूरी घटना
प्रार्थी आरक्षक मोहम्मद कैफ (23 वर्ष), पिता नासीर खान, निवासी हरिनगर कातुल बोर्ड, दुर्ग ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया कि वह 15 दिसंबर की रात करीब 9:30 बजे ड्यूटी समाप्त कर अपने घर हरिनगर लौट रहा था। इसी दौरान प्रथम बटालियन भिलाई गेट के सामने स्थित देशी-विदेशी शराब भट्टी के पास उसे बाथरूम जाने के लिए रुकना पड़ा।
अहाता संचालक और साथियों ने किया हमला
आरक्षक के अनुसार, उसी समय शराब भट्टी के अहाते का संचालक करण सिंह अपने कुछ साथियों के साथ वहां पहुंचा और बिना किसी कारण गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि आरोपियों ने उसके साथ जमकर हाथ-मुक्कों से मारपीट की और लूटपाट भी की।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना के बाद आरक्षक ने मामले की शिकायत सुपेला थाने में दर्ज कराई। पुलिस ने आवेदन के आधार पर प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले में आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



