
Raipur: गुरु घासीदास जयंती कार्यक्रम में विवाद, युवक की चाकू मारकर हत्या
रायपुर। राजधानी रायपुर के पंडरी थाना क्षेत्र में गुरु घासीदास जयंती कार्यक्रम के दौरान एक युवक की निर्मम हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। 18 दिसंबर 2025 की रात करीब 10 बजे मोवा बाजार में आयोजित कार्यक्रम के दौरान हुए विवाद में 18 वर्षीय युवक को पीट-पीटकर और चाकू मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। इलाज के दौरान युवक की मौत हो गई, जिससे इलाके में आक्रोश और शोक का माहौल है।
विवाद के बाद किया गया जानलेवा हमला
मिली जानकारी के अनुसार, मृतक दिनेश निषाद (18 वर्ष), पिता गोपाल निषाद, निवासी डबरीपारा (मोवा तालाब के पास) गुरु घासीदास जयंती कार्यक्रम देखने गया था। इसी दौरान किसी बात को लेकर कुछ लोगों से उसका विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर आरोपियों ने दिनेश पर लाठी-डंडों से हमला किया और चाकू मारकर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया।

अस्पताल में इलाज के दौरान मौत
घटना के बाद स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से घायल दिनेश को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने उसकी हालत गंभीर बताई। पूरी रात इलाज चलने के बावजूद शुक्रवार सुबह दिनेश ने दम तोड़ दिया।
परिवार का था एकमात्र सहारा
बताया जा रहा है कि दिनेश निषाद जॉमैटो डिलीवरी का काम करता था और अपने परिवार का मुख्य सहारा था। उसकी असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
पुलिस जांच और आरोपियों की तलाश
घटना की सूचना मिलते ही पंडरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश तेज कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ की जा रही है।
*👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



