
Jagdalpur में दर्दनाक सड़क हादसा: ट्रक की चपेट में आकर एनएमडीसी इंजीनियर की मौत, CCTV फुटेज आया सामने
जगदलपुर। शहर से लगे अड़ावाल चौक में गुरुवार को हुए भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। इस हादसे का सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद घटना और भी भयावह नजर आ रही है। हादसे से इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है।
अचानक मोड़ बना हादसे की वजह
सीसीटीवी फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि एक तेज रफ्तार ट्रक अचानक मोड़ लेता है। इसी दौरान पीछे से आ रहा बाइक सवार संतुलन खो बैठता है और अपनी बाइक सहित ट्रक के सामने गिर जाता है। ट्रक की चपेट में आने से युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।

मृतक एनएमडीसी स्टील प्लांट में था इंजीनियर
जानकारी के मुताबिक मृतक की पहचान बी धर्मा राव के रूप में हुई है, जो ओडिशा का रहने वाला था। वह एनएमडीसी स्टील प्लांट में इंजीनियर के पद पर कार्यरत था। घटना के समय वह ड्यूटी पूरी कर अड़ावाल स्थित अपने किराए के मकान की ओर लौट रहा था।
हादसे के बाद मौके पर मची अफरा-तफरी
दुर्घटना के बाद अड़ावाल चौक पर कुछ देर के लिए यातायात प्रभावित हो गया। स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई और पुलिस को तत्काल सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू की।
ट्रक चालक गिरफ्तार, जांच जारी
घटना की सूचना मिलते ही बोधघाट पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी ट्रक चालक को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज को साक्ष्य के तौर पर जब्त कर लिया है और मामले की विस्तृत जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



