
दुर्ग में ‘ऑपरेशन सुरक्षा’ अभियान: ई-रिक्शा चालकों को गुलाब देकर दी यातायात नियमों की समझाइश
दुर्ग, 23 जून 2025:
यातायात पुलिस दुर्ग ने ‘ऑपरेशन सुरक्षा’ अभियान के तहत सुपेला चौक पर ई-रिक्शा चालकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के लिए विशेष कार्यक्रम आयोजित किया। इस दौरान 175 ई-रिक्शा चालकों को गुलाब का फूल देकर नियमों का पालन करने की समझाइश दी गई। रूंगटा कॉलेज के एनएसएस छात्र-छात्राओं ने भी इस अभियान में सहयोग किया।
ई-रिक्शा चालकों को नियमों की हिदायत
यातायात पुलिस और रूंगटा कॉलेज के एनएसएस छात्रों की संयुक्त टीम ने सुपेला चौक पर ई-रिक्शा चालकों को रोका और उन्हें निर्धारित वर्दी पहनने, क्षमता से अधिक सवारी न बैठाने, बिना लाइसेंस वाहन न चलाने और यातायात नियमों का पालन करने की सलाह दी।

चालकों को गुलाब का फूल भेंट कर जागरूकता का संदेश दिया गया। पुलिस ने चालकों को सड़क सुरक्षा के महत्व को समझाया और नियमों का उल्लंघन न करने की चेतावनी दी।
‘ऑपरेशन सुरक्षा’ के चार प्रमुख लक्ष्य
यातायात पुलिस दुर्ग द्वारा चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन सुरक्षा’ अभियान का उद्देश्य जिले की यातायात व्यवस्था को सुगम और सुरक्षित बनाना है। इस अभियान के तहत चार प्रमुख बिंदुओं पर काम किया जा रहा है:
- सड़कों और चौराहों की अभियांत्रिकी त्रुटियों को दूर करना।
- सड़कों से अतिक्रमण और अवैध कब्जा हटाना।
- वाहन चालकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करना।
- सड़क दुर्घटनाओं के कारणों का पता लगाकर लापरवाह चालकों पर सख्त कार्रवाई करना।
ई-रिक्शा चालकों का होगा सत्यापन
पुलिस ने घोषणा की है कि आने वाले दिनों में जिले में संचालित सभी ई-रिक्शा चालकों का सत्यापन किया जाएगा और उन्हें जोन आवंटित किए जाएंगे। यह कदम यातायात व्यवस्था को और अधिक व्यवस्थित करने के लिए उठाया जा रहा है। आज के अभियान में यातायात पुलिस के अधिकारियों, कर्मचारियों, रूंगटा कॉलेज के शिक्षकों और एनएसएस के छात्र-छात्राओं ने सक्रिय भागीदारी निभाई।
हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें 👇👇
https://chat.whatsapp.com/IJrppjHVVwT5Q6vKhLAfuT



