
छत्तीसगढ़ में शिक्षकों और छात्रों की ऑनलाइन उपस्थिति अनिवार्य, स्कूल शिक्षा विभाग ने जारी किए सख्त निर्देश
रायपुर। छत्तीसगढ़ में शिक्षा व्यवस्था को और अधिक पारदर्शी व जवाबदेह बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। राज्य के स्कूल शिक्षा विभाग ने प्रदेशभर के स्कूलों में शिक्षकों और विद्यार्थियों की ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज करना अनिवार्य कर दिया है। इस संबंध में मंत्रालय स्तर से आदेश जारी कर दिए गए हैं, जिन्हें सभी संभागीय संयुक्त संचालकों और जिला शिक्षा अधिकारियों को भेजा गया है।

जारी निर्देशों के अनुसार अब शिक्षकों एवं विद्यार्थियों की दैनिक उपस्थिति “विद्या समीक्षा केंद्र” मोबाइल ऐप और वेब पोर्टल के माध्यम से दर्ज की जाएगी। विभाग ने ऐप डाउनलोड करने के लिए प्ले स्टोर लिंक भी जारी किया है, ताकि सभी स्कूल और संबंधित अधिकारी आसानी से इस व्यवस्था से जुड़ सकें।
पहले 7 जिलों में मिला सकारात्मक परिणाम
आदेश में बताया गया है कि यह प्रणाली पहले प्रदेश के 7 जिलों में पायलट प्रोजेक्ट के तौर पर लागू की गई थी, जहां इसके सकारात्मक परिणाम सामने आए। इसके बाद अब राज्य के शेष 26 जिलों में भी इसे लागू करने का निर्णय लिया गया है।
राष्ट्रीय स्तर पर होगी निगरानी
निर्देशों में स्पष्ट किया गया है कि शिक्षकों और विद्यार्थियों की उपस्थिति की जानकारी प्रतिदिन विद्या समीक्षा केंद्र के माध्यम से दर्ज की जाएगी। यह डेटा शिक्षा मंत्रालय के अधीन राष्ट्रीय विद्या समीक्षा केंद्र को भेजा जाएगा, जहां इसकी नियमित समीक्षा और निगरानी की जाएगी।

निर्देशों के सख्त पालन के आदेश
स्कूल शिक्षा विभाग ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया है कि वे इस व्यवस्था का सख्ती से पालन सुनिश्चित करें। लापरवाही बरतने पर संबंधितों के खिलाफ कार्रवाई भी की जा सकती है।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



