
बिलासपुर रेल हादसे में एक और घायल की मौत, मृतकों की संख्या बढ़कर हुई 14
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित कोरबा–बिलासपुर रेल हादसे में मृतकों की संख्या एक बार फिर बढ़ गई है। इलाज के दौरान एक और घायल यात्री ने दम तोड़ दिया, जिसके बाद इस भीषण हादसे में जान गंवाने वालों की संख्या 14 हो गई है। मिली जानकारी के अनुसार, हादसे में गंभीर रूप से घायल तुलाराम अग्रवाल का इलाज अरपा एलीट अस्पताल में चल रहा था, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। उनके निधन से परिजनों में शोक की लहर दौड़ गई है।

कैसे हुआ था हादसा
गौरतलब है कि 4 नवंबर की शाम को कोरबा से बिलासपुर आ रही मेमू ट्रेन ने लालखदान के पास खड़ी मालगाड़ी को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी थी। यह टक्कर इतनी भीषण थी कि मेमू ट्रेन के लोको पायलट विद्यासागर समेत 11 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि करीब 20 यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए थे। इलाज के दौरान घायलों की मौत के बाद अब मृतकों की संख्या बढ़कर 14 पहुंच गई है।

जांच जारी
फिलहाल रेलवे और संबंधित एजेंसियां हादसे के कारणों की जांच में जुटी हुई हैं। यह हादसा एक बार फिर रेलवे सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



