
DSP कल्पना वर्मा–दीपक टंडन केस में बड़ा खुलासा, कारोबारी ने लगाए ब्लैकमेलिंग और 2 करोड़ की धोखाधड़ी के आरोप
रायपुर: होटल कारोबारी दीपक टंडन और दंतेवाड़ा में पदस्थ डीएसपी कल्पना वर्मा से जुड़े मामले में लगातार नए खुलासे सामने आ रहे हैं। अब दीपक टंडन ने डीएसपी कल्पना वर्मा और उनके परिजनों पर गंभीर आरोप लगाते हुए डीजीपी अरुणदेव गौतम और आईजी अमरेश मिश्रा को लिखित शिकायत सौंपी है। मामले की गंभीरता को देखते हुए महिला डीएसपी से एसएसपी कार्यालय में करीब चार घंटे तक पूछताछ की गई है।
दो करोड़ से अधिक की धोखाधड़ी का आरोप
शिकायत पत्र में दीपक टंडन ने बताया कि वह रायपुर के गायत्री नगर निवासी हैं और होटल व्यवसाय से जुड़े हुए हैं। पिछले पांच वर्षों से उनका डीएसपी कल्पना वर्मा और उनके परिवार से करीबी संपर्क था। आरोप है कि इस दौरान धोखाधड़ी और ब्लैकमेलिंग के जरिए उन्हें और उनके कारोबार को करीब दो करोड़ रुपये से अधिक का नुकसान पहुंचाया गया।
बैंक खातों में लेन-देन का आरोप
टंडन का दावा है कि डीएसपी कल्पना वर्मा ने अपने सरकारी पद का दुरुपयोग करते हुए स्वयं और अपने परिजनों, विशेषकर पिता हेमंत वर्मा, के बैंक खातों में नियमित लेन-देन किए। इन लेन-देन से जुड़े दस्तावेज और विवरण भी शिकायत के साथ संलग्न किए गए हैं।

महादेव सट्टा एप पैनल चलाने का दबाव
शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि डीएसपी कल्पना वर्मा ने दंतेवाड़ा में महादेव सट्टा एप का पैनल संचालित करने का दबाव बनाया था। इस प्रस्ताव को ठुकराने के बाद दोनों के संबंध खराब हो गए और बाद में पूरी तरह समाप्त हो गए। टंडन ने मोबाइल चैट और अन्य साक्ष्य भी सौंपने का दावा किया है।
होटल एटमॉसफेरिया को हड़पने का आरोप
दीपक टंडन ने आरोप लगाया कि डीएसपी कल्पना वर्मा, उनके पिता हेमंत वर्मा और भाई राकेश वर्मा ने साजिश के तहत VIP रोड स्थित होटल एटमॉसफेरिया को गैर-कानूनी तरीके से अपने नाम रजिस्टर्ड करा लिया। जबकि होटल की खरीद-फरोख्त में बैंक के माध्यम से 30 लाख रुपये का भुगतान RTGS से किया गया था। इसके अलावा नकद और अन्य लेन-देन का भी उल्लेख किया गया है।

ब्लैकमेलिंग और जान से मारने की धमकी का दावा
कारोबारी का कहना है कि विवाद बढ़ने के बाद डीएसपी कल्पना वर्मा ने उन्हें ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया। पत्नी से तलाक के लिए दबाव, फर्जी मामलों में जेल भेजने की धमकी और पत्नी के नाम से रजिस्टर्ड वाहन को अपने कब्जे में रखने जैसे आरोप भी लगाए गए हैं। टंडन ने परिवार की सुरक्षा को लेकर भी चिंता जताई है।
पत्नी ने भी लगाए गंभीर आरोप
दीपक टंडन की पत्नी बरखा टंडन का कहना है कि उनके पति डीएसपी कल्पना वर्मा से देर रात तक वीडियो कॉल पर बात करते थे। बरखा ने आरोप लगाया कि डीएसपी ने उनसे 45 लाख रुपये का चेक लिया और राशि निकालने के बाद उनके खिलाफ ही थाने में शिकायत दर्ज करवाई। दंपती ने चैट और स्क्रीनशॉट्स भी साझा किए हैं।

जांच के दायरे में मामला
फिलहाल यह मामला उच्च पुलिस अधिकारियों तक पहुंच चुका है। महिला डीएसपी से लंबी पूछताछ की गई है और शिकायत में लगाए गए आरोपों की विभागीय और कानूनी जांच की प्रक्रिया जारी है।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



