
Durg में हाईवा- बाइक की टक्कर, दो की मौत
दुर्ग जिले में बुधवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक युवती गंभीर रूप से घायल हो गई। यह हादसा सोमनी–भिलाई मार्ग पर उस समय हुआ, जब रेत से भरे हाईवा ट्रक और बाइक के बीच आमने-सामने की टक्कर हो गई।

आमने-सामने हुई टक्कर
जानकारी के अनुसार, बुधवार सुबह सोमनी–भिलाई मुख्य मार्ग पर तेज रफ्तार हाईवा ट्रक और बाइक की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार युवक और युवती की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक पर सवार एक अन्य युवती गंभीर रूप से घायल हो गई।

नौकरी की तलाश में निकली थीं युवतियां
पुलिस के मुताबिक यह मामला पुरानी भिलाई थाना क्षेत्र का है। बताया जा रहा है कि दो युवतियां—भूमिका और सरोज—नौकरी की तलाश में भिलाई गई थीं। लौटते समय उन्होंने बाइक सवार युवक सुमित बंजारे से लिफ्ट ली थी। इसी दौरान तनी महेंदवाड़ी के पास यह दर्दनाक हादसा हो गया।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। घायल युवती को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर हाईवा चालक की तलाश शुरू कर दी है और दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।

इलाके में शोक का माहौल
इस हादसे के बाद क्षेत्र में शोक की लहर है। स्थानीय लोगों ने सड़क पर भारी वाहनों की तेज रफ्तार और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



