
सारंगढ़-बिलाईगढ़: नकली व अवैध दवाइयों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, 2.24 लाख की दवाइयां जब्त
खाद्य एवं औषधि प्रशासन की संयुक्त टीम ने की छापेमारी
सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में नकली और अवैध दवाइयों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत खाद्य एवं औषधि प्रशासन (FDA) की टीम ने बड़ी कार्रवाई की है। रायपुर और रायगढ़ से पहुंची संयुक्त टीम ने सारंगढ़ स्थित सरस्वती मेडिकल के संचालक के घर पर छापा मारकर बिना लाइसेंस रखी गई दवाइयों का बड़ा भंडारण पकड़ा है।
बिना लाइसेंस दवाइयों का भंडारण उजागर
जानकारी के अनुसार, यह कार्रवाई 16 दिसंबर 2025 को की गई। छापेमारी के दौरान टीम को संचालक खेमराज बानी के आवास से करीब 14 प्रकार की दवाइयां मिलीं, जिनका कोई वैध लाइसेंस नहीं पाया गया। जब्त दवाइयों की कुल कीमत लगभग 2 लाख 24 हजार रुपये आंकी गई है।

सूचना के आधार पर मारा गया छापा
खाद्य एवं औषधि प्रशासन को नकली दवाइयों की तलाश के दौरान सूचना मिली थी कि सरस्वती मेडिकल से जुड़े परिसर में अवैध रूप से दवाइयों का भंडारण किया जा रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए विभाग की टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए संचालक के मकान पर दबिश दी।
नकली दवाइयों के खिलाफ अभियान जारी
अधिकारियों ने बताया कि यह कार्रवाई नकली और अवैध दवाइयों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान का हिस्सा है। जब्त की गई दवाइयों की जांच की जा रही है कि वे नकली हैं या अवैध रूप से संग्रहित की गई थीं।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



