
Balod: FIR वापस लेने के दबाव में चाकू से हमला, दो युवक गंभीर घायल
जमानत पर रिहा तीन युवकों की गुंडागर्दी, इलाके में दहशत
छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में गुरुवार शाम एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। दल्लीराजहरा थाना क्षेत्र में जमानत पर रिहा तीन युवकों ने एफआईआर वापस लेने का दबाव बनाते हुए चाकू से हमला कर दिया। इस घटना में बीच-बचाव करने आए दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनमें एक की हालत नाजुक बताई जा रही है।
खेल मैदान में हुआ हमला
यह घटना शाम करीब 4:30 बजे वार्ड क्रमांक 24 स्थित खेल मैदान में हुई। जानकारी के अनुसार, कुछ दिन पहले हुई मारपीट के एक मामले में आरोपी युवक मुचलके पर जमानत पर रिहा हुए थे। गुरुवार को तीनों आरोपी स्कूटी से मौके पर पहुंचे और पीड़ित चुम्मन ठाकुर को एफआईआर वापस लेने के लिए धमकाने लगे।

चाकू दिखाकर दी धमकी
आरोपियों ने पहले चुम्मन ठाकुर को चाकू दिखाकर डराया और जब आसपास मौजूद लोगों ने बीच-बचाव करने की कोशिश की, तो आरोपियों ने उन पर भी हमला कर दिया। इस हमले में दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
नारायण नेताम की हालत गंभीर
घायलों में शामिल नारायण नेताम की हालत गंभीर होने पर उसे तत्काल प्राथमिक उपचार के बाद राजनांदगांव रेफर किया गया है। दूसरे घायल का इलाज स्थानीय अस्पताल में जारी है।
पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही दल्लीराजहरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है और उनकी तलाश जारी है।
आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की मांग
घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोगों ने जमानत पर रिहा आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



