
दिल्ली ब्लास्ट केस में NIA को फिर एक बड़ी सफलता, नौवां आरोपी अहमद डार गिरफ्तार
नई दिल्ली। दिल्ली के ऐतिहासिक लाल किले के पास 10 नवंबर को हुए कार बम धमाके के मामले में राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) को बड़ी सफलता मिली है। एजेंसी ने इस आतंकी साजिश में शामिल यासिर अहमद डार को गिरफ्तार कर लिया है। वह जम्मू-कश्मीर के शोपियां का रहने वाला है। इस गिरफ्तारी के साथ ही मामले में पकड़े गए आरोपियों की संख्या 9 हो गई है।

NIA की जांच में सामने आया है कि यासिर ने इस हमले में शामिल होने के लिए आत्मघाती ऑपरेशन की शपथ ली थी और वह धमाके के मुख्य आरोपी उमर-उन-नबी के लगातार संपर्क में था, जिसकी मौत ब्लास्ट में हो चुकी है। एजेंसी के अनुसार, यासिर का संपर्क अन्य आरोपियों से भी बना हुआ था और वह पूरे आतंकी मॉड्यूल का सक्रिय हिस्सा था।
कानूनी कार्रवाई
आरोपी के खिलाफ UAPA 1967 और भारतीय न्याय संहिता (BNS) 2023 की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।

जब्ती और जांच
NIA ने इस केस में जम्मू-कश्मीर और उत्तर प्रदेश में छापेमारी कर कई डिजिटल डिवाइस, दस्तावेज और आपत्तिजनक सामग्री जब्त की है। एजेंसी का कहना है कि पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करने तक कार्रवाई जारी रहेगी। बता दें कि 10 नवंबर 2025 को हुए इस धमाके में 11 लोगों की मौत हुई थी, जबकि कई अन्य घायल हुए थे। इस हमले के बाद से सुरक्षा एजेंसियां हाई अलर्ट पर हैं।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



