
अवैध शराब नेटवर्क पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: तीन आरोपी दबोचे, नॉन ड्यूटी पेड शराब जब्त
डोंगरगढ़। जिले में अवैध शराब कारोबार के खिलाफ डोंगरगढ़ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने एक संगठित शराब रैकेट का पर्दाफाश करते हुए 3 आरोपियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है, जो मध्यप्रदेश में निर्मित शराब पर छत्तीसगढ़ आबकारी के नकली स्टीकर लगाकर बाजार में खपाने की तैयारी कर रहे थे। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान 62.64 बल्क लीटर नॉन ड्यूटी पेड शराब, नकली स्टीकर, लेबल, वाहन और नकद राशि जब्त की है।
गुप्त सूचना पर की गई कार्रवाई
पुलिस को 17 दिसंबर 2025 को सूचना मिली थी कि ग्राम मुसराखुर्द में शीतला मंदिर के पास स्थित एक मकान में अवैध शराब का भंडारण कर उसे बाजार में बेचने की योजना बनाई जा रही है। सूचना की पुष्टि के बाद वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में डोंगरगढ़ थाना पुलिस और सायबर सेल की संयुक्त टीम गठित की गई। टीम ने बताए गए ठिकाने पर दबिश देकर मौके से बीरबल वर्मा और चन्द्रकांत उर्फ सोनू सेन को हिरासत में लिया।

तीसरा आरोपी भी गिरफ्तार
पूछताछ में मिले अहम सुरागों के आधार पर पुलिस ने तीसरे आरोपी राजपाल सिंह भाटिया, निवासी देवरी, महाराष्ट्र, को भी गिरफ्तार कर लिया। पुलिस जांच में सामने आया कि शराब और नकली आबकारी स्टीकर की आपूर्ति इसी आरोपी द्वारा की जाती थी।
नकली स्टीकर लगाकर शराब खपाने की थी योजना
मकान की तलाशी के दौरान पुलिस ने
161 नग जम्मू स्पेशल व्हीस्की
187 नग बॉम्बे स्पेशल व्हीस्की
बरामद की। जांच में पाया गया कि बोतलों पर छत्तीसगढ़ आबकारी के नकली स्टीकर लगाए गए थे, जबकि ढक्कनों पर मध्यप्रदेश आबकारी की सील लगी हुई थी। इससे स्पष्ट हुआ कि शराब को अवैध रूप से छत्तीसगढ़ में बेचने की पूरी तैयारी की गई थी।
पुलिस ने मौके से –
बिना नंबर की टीवीएस जुपिटर मोपेड
मोबाइल फोन
1860 नकली आबकारी स्टीकर
विभिन्न ब्रांडों के लेबल
स्टीकर चिपकाने के उपकरण
भी जब्त किए हैं।

संगठित नेटवर्क का खुलासा
जांच में सामने आया कि पूरा रैकेट संगठित तरीके से संचालित किया जा रहा था। आरोपी चन्द्रकांत उर्फ सोनू सेन के पास से बड़ी संख्या में नकली स्टीकर बरामद हुए हैं। पुलिस अब नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी तलाश में जुटी हुई है।
पुराना आपराधिक रिकॉर्ड
पुलिस के अनुसार मुख्य आरोपी के खिलाफ पहले से ही आबकारी अधिनियम के तहत 4 प्रकरण दर्ज हैं। मामले को संगठित अपराध मानते हुए विस्तृत जांच की जा रही है।आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में अपराध पंजीबद्ध कर उन्हें न्यायालय में पेश किया गया है। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब, नकली स्टीकर और संगठित अपराध के खिलाफ अभियान आगे भी सख्ती से जारी रहेगा।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



