
Bilaspur : पैसे न देने पर युवक की बेरहमी से पिटाई
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में शराब के लिए पैसे नहीं देने पर बदमाश युवकों द्वारा दो युवकों की बेरहमी से पिटाई करने का मामला सामने आया है। यह घटना बुधवार (17 दिसंबर) की रात पुराना बस स्टैंड स्थित शराब दुकान के पास हुई। मारपीट का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें बदमाश युवकों को दौड़ा-दौड़ाकर लात-घूंसे मारते हुए देखा जा सकता है।
शराब के लिए मांगे पैसे, मना करने पर किया हमला
जानकारी के अनुसार, तालापारा निवासी अजय चौहान (22) अपने दोस्त करण बचकानी के साथ शराब खरीदने पुराना बस स्टैंड स्थित दुकान पहुंचा था। इसी दौरान राहुल बंजारे वहां आया और करण से शराब पीने के लिए पैसे मांगने लगा।

दोस्तों के साथ मिलकर की जमकर मारपीट
पैसे मांगने के कुछ ही देर बाद राहुल बंजारे के दोस्त अरमान अली, मनोहर विश्वकर्मा, धर्मेंद्र बंजारे और रितेश सोनकर भी मौके पर पहुंच गए। सभी ने मिलकर करण से पैसे मांगने शुरू कर दिए। जब करण ने पैसे देने से इनकार किया तो आरोपियों ने मिलकर झगड़ा शुरू कर दिया और दोनों युवकों की जमकर पिटाई कर दी।
सड़क पर फेंककर हुए फरार, युवक की हालत गंभीर
मारपीट के बाद बदमाश युवकों ने दोनों को सड़क पर फेंक दिया और मौके से फरार हो गए। इस घटना में एक युवक की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

वीडियो वायरल, पुलिस ने की कार्रवाई
घटना का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस हरकत में आई। पुलिस ने आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस की पिटाई के बाद कुछ उपद्रवी लंगड़ाते हुए भी दिखाई दिए। मामले में आगे की जांच जारी है।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



