
Raipur : शराब घोटाले में सौम्या चौरसिया फिर ED की गिरफ्त में, 3 दिन की रिमांड मंजूर
दूसरी बार गिरफ्तारी, विशेष कोर्ट ने ED को सौंपा रिमांड
रायपुर। बहुचर्चित शराब घोटाले में निलंबित राज्य प्रशासनिक सेवा (राप्रसे) अधिकारी सौम्या चौरसिया की मुश्किलें एक बार फिर बढ़ गई हैं। प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने उन्हें दूसरी बार गिरफ्तार करते हुए विशेष कोर्ट में पेश किया, जहां सुनवाई के बाद अदालत ने सौम्या को 3 दिन की ED रिमांड पर भेज दिया है।
मंगलवार रात हुई गिरफ्तारी
ईडी सूत्रों के अनुसार, मंगलवार रात लंबी पूछताछ के बाद सौम्या चौरसिया को गिरफ्तार किया गया। इससे पहले उन्हें पूछताछ के लिए तलब किया गया था। पूछताछ के दौरान संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर ईडी ने गिरफ्तारी की कार्रवाई की।

कारोबारी और तांत्रिक से पूछताछ में मिले अहम इनपुट
ईडी की यह दूसरी गिरफ्तारी कारोबारी लक्ष्मीनारायण बंसल और कथित तांत्रिक केके श्रीवास्तव से पूछताछ में मिले अहम इनपुट के आधार पर की गई है। ईडी का दावा है कि इन दोनों के जरिए घोटाले से जुड़े बड़े वित्तीय लेनदेन की जानकारी सामने आई है।
115 करोड़ के लेनदेन का दावा
कोर्ट में सुनवाई के दौरान ईडी के अधिवक्ता डॉ. सौरभ पाण्डेय ने बताया कि इस घोटाले में सौम्या चौरसिया को लक्ष्मीनारायण बंसल के माध्यम से कुल 115 करोड़ रुपये मिले। इनमें से 72 करोड़ रुपये केके श्रीवास्तव के जरिए हवाला के माध्यम से ट्रांसफर कराए गए, हालांकि यह राशि किसे भेजी गई, इसका खुलासा अभी नहीं हो सका है।
डायरी में 43.50 करोड़ की एंट्री
ईडी ने कोर्ट को यह भी बताया कि सौम्या चौरसिया की डायरी से 43.50 करोड़ रुपये के लेनदेन की एंट्रियां मिली हैं। इन एंट्रियों को लेकर पूछताछ के दौरान सौम्या कथित तौर पर टालमटोल करती रहीं, जिसके बाद गिरफ्तारी का फैसला लिया गया।
बचाव पक्ष ने रखा पक्ष
सौम्या चौरसिया की ओर से अधिवक्ता हर्ष परगनिहा ने कोर्ट में बचाव पक्ष रखा। दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद विशेष न्यायालय ने ईडी को 3 दिन की रिमांड मंजूर की।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



