
अहमदाबाद : 10 निजी स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी, जांच में निकली फर्जी
ई-मेल से मिली धमकी, स्कूलों में मचा हड़कंप
अहमदाबाद। गुजरात के अहमदाबाद शहर में बुधवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब शहर के 10 प्रमुख निजी स्कूलों को ई-मेल के जरिए बम विस्फोट की धमकी मिली। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन हरकत में आ गया और सुरक्षा के मद्देनज़र संबंधित स्कूलों को तत्काल खाली कराया गया।
दोपहर की पाली रद्द, सुरक्षित निकाले गए छात्र
पुलिस के अनुसार, धमकी भरे ई-मेल सुबह की पाली समाप्त होने के बाद प्राप्त हुए थे। ई-मेल में दोपहर के समय बम विस्फोट करने की बात कही गई थी। एहतियातन सभी स्कूलों में दोपहर की पाली के लिए छुट्टी घोषित कर दी गई और छात्रों व स्टाफ को सुरक्षित तरीके से बाहर निकाला गया।

घंटों चली तलाशी, नहीं मिला कोई संदिग्ध सामान
सूचना के बाद बम निरोधक दस्ता, डॉग स्क्वॉड और स्थानीय पुलिस ने स्कूल परिसरों में घंटों तक सघन तलाशी अभियान चलाया। जांच के दौरान किसी भी स्कूल से कोई संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक सामग्री बरामद नहीं हुई।
पुलिस ने बताया धमकी फर्जी
जोन-1 के पुलिस उपायुक्त (DCP) हर्षद पटेल ने बताया कि प्रारंभिक जांच में धमकी पूरी तरह फर्जी पाई गई है। उन्होंने कहा कि स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और किसी प्रकार का खतरा नहीं है।
ई-मेल भेजने वाले की तलाश जारी
हालांकि धमकी फर्जी निकली, लेकिन पुलिस ने इसे गंभीरता से लेते हुए ई-मेल भेजने वाले की पहचान और लोकेशन का पता लगाने के लिए साइबर टीम को जांच में लगाया है। पुलिस का कहना है कि दोषी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



