
कबीरधाम में सिरफिरे का तांडव: टंगिया लेकर ग्रामीणों पर किया जानलेवा हमला, तीन गंभीर रूप से घायल
कबीरधाम। जिले के आदिवासी बाहुल्य समरू गांव में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब गांव के ही एक सिरफिरे युवक ने टंगिया से तीन ग्रामीणों पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। इस हमले में तीनों ग्रामीण गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें तत्काल जिला अस्पताल कवर्धा में भर्ती कराया गया है।

जानकारी के अनुसार, तीनों ग्रामीण किसी काम से कवर्धा की ओर जा रहे थे, तभी रास्ते में आरोपी युवक हाथ में टंगिया लेकर खड़ा मिला। जैसे ही ग्रामीण वहां से गुजरे, उसने उन्हें रोककर अचानक हमला कर दिया।
तीनों ग्रामीण गंभीर रूप से घायल
हमले में एक युवक की गर्दन पर गहरा वार हुआ, जिससे वह लहूलुहान हो गया। दूसरे युवक की पीठ पर गंभीर चोट आई है, जबकि तीसरे युवक के पैर पर टंगिया से हमला किया गया। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।

अस्पताल में इलाज जारी
स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को एंबुलेंस के जरिए जिला अस्पताल कवर्धा पहुंचाया गया, जहां तीनों का इलाज जारी है। डॉक्टरों के अनुसार, घायलों की हालत नाजुक बनी हुई है। घटना के बाद समरू गांव में दहशत का माहौल है। मामले की सूचना मिलते ही झलमला पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस द्वारा हमले के कारणों की जांच की जा रही है।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



