
मणिपुर थाना क्षेत्र में दो युवकों का अपहरण और बेरहमी से पिटाई, FIR दर्ज
अंबिकापुर जिले के मणिपुर थाना क्षेत्र में दो युवकों के अपहरण और उन्हें बंधक बनाकर बेरहमी से पीटने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि इस वारदात को भाजपा पार्षद के बेटे से जुड़े एक गैंग ने अंजाम दिया। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए 8 नामजद आरोपियों समेत कुल 12 बदमाशों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। प्रारंभिक जांच में यह मामला दो गुटों के बीच पुराने विवाद से जुड़ा बताया जा रहा है।
रात में किराए के मकान पर धावा
पुलिस के अनुसार, 15 दिसंबर 2025 की रात मंगल पांडे वार्ड के खटिक पारा स्थित एक किराए के मकान में करीब दर्जनभर युवक जबरन घुस आए। आरोप है कि आरोपियों ने छात्र राहुल सोनवानी (22) और उनके साथी शुभम रवि को चाकू की नोक पर धमकाते हुए अपने कब्जे में ले लिया और जबरन बाहर ले गए।

बंधक बनाकर की गई बेरहमी से पिटाई
अपहरण के बाद दोनों युवकों को अलग-अलग स्थानों पर ले जाकर बंधक बनाया गया, जहां लाठी-डंडों और अन्य हथियारों से बेरहमी से पिटाई की गई। पीड़ितों के अनुसार, हमलावर लगातार जान से मारने की धमकी देते रहे। किसी तरह मौके का फायदा उठाकर दोनों युवक वहां से बच निकलने में सफल रहे और बाद में थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।
राजनीतिक रसूख का आरोप
पीड़ित पक्ष ने आरोप लगाया है कि हमलावरों का संबंध एक भाजपा पार्षद के बेटे से जुड़े गैंग से है, जिसके चलते उन्हें डराने-धमकाने की कोशिश की गई। मामले के सामने आते ही क्षेत्र में राजनीतिक हलकों में भी चर्चाएं तेज हो गई हैं।
पुलिस जांच में जुटी, तलाश जारी
मणिपुर थाना प्रभारी ने बताया कि पीड़ितों के बयान और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर 12 आरोपियों के खिलाफ अपहरण, मारपीट और धमकी की धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। कुछ आरोपियों की पहचान कर ली गई है, जबकि फरार आरोपियों की तलाश के लिए दबिश दी जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले में किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



