
बालोद के CRPF जवान की हार्ट अटैक से मौत
छत्तीसगढ़ के बालोद जिले के आमाडुला गांव निवासी सीआरपीएफ जवान देवनारायण डहरे (27) का मध्यप्रदेश के बालाघाट जिले के लांजी में ड्यूटी के दौरान हार्ट अटैक से निधन हो गया। बताया गया कि वह मंगलवार को ड्यूटी पर जाने की तैयारी कर रहे थे, तभी अचानक उनके सीने में तेज दर्द उठा। साथियों ने तत्काल इलाज की व्यवस्था की, लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका।
छुट्टी में घर आने वाले थे जवान
परिजनों के अनुसार देवनारायण डहरे जल्द ही छुट्टी लेकर घर आने वाले थे। उनके असामयिक निधन से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। जवान के परिवार में तीन माह का एक बेटा है, जिसने अपने पिता को मुखाग्नि दी। यह दृश्य देख हर किसी की आंखें नम हो गईं।

गांव में राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार
मंगलवार शाम करीब 5 बजे जवान का पार्थिव शरीर बालोद जिले के डौंडी ब्लॉक स्थित उनके गृहग्राम आमाडुला पहुंचा। यहां सीआरपीएफ के जवानों ने गार्ड ऑफ ऑनर देकर अपने साथी को अंतिम सलामी दी। पूरे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया।
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
युवा उम्र में देवनारायण डहरे के निधन से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। पत्नी, माता-पिता और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांववासियों और जनप्रतिनिधियों ने शोक संतप्त परिवार को सांत्वना दी।

देश के लिए सेवा करते हुए दी जान
सीआरपीएफ जवान देवनारायण डहरे ने देश की सेवा करते हुए अपने प्राण न्योछावर कर दिए। उनका बलिदान हमेशा याद रखा जाएगा।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



