
Korba: दर्री रोड पर खड़ी कार में आगजनी, दो आरोपी गिरफ्तार
कोरबा शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत दर्री रोड पर बीती रात एक सनसनीखेज घटना सामने आई, जहां तीन युवकों ने खड़ी कार में आग लगा दी। आगजनी की इस वारदात के बाद तीनों युवक मौके से फरार हो गए। घटना से क्षेत्र में दहशत और आक्रोश का माहौल बन गया है।
10 मिनट तक कार के आसपास मंडराते रहे युवक
प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह कार एक स्थानीय व्यापारी की बताई जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक तीन युवक दर्री रोड पर खड़ी कार के आसपास करीब 10 मिनट तक संदिग्ध रूप से घूमते रहे। इसी दौरान एक युवक ने कार पर पेट्रोल छिड़का, जबकि दूसरे युवक ने माचिस जलाकर कार में आग लगा दी। आग लगते ही तीनों युवक मौके से भाग निकले।

लोगों ने मिलकर बुझाई आग
कार में आग लगने की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग और कार मालिक तत्काल मौके पर पहुंचे। सभी ने मिलकर किसी तरह आग पर काबू पाया, जिससे बड़ा नुकसान होने से बच गया। हालांकि आगजनी से कार को काफी नुकसान पहुंचा है।
घटना से स्थानीय लोगों में आक्रोश
इस घटना के बाद इलाके में रहने वाले लोगों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है। लोगों का कहना है कि इस तरह की घटनाएं क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करती हैं।
दो आरोपी हिरासत में, एक फरार
मामले की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस ने जांच शुरू की। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो युवकों को पकड़ लिया है, जबकि एक आरोपी की तलाश जारी है। पुलिस का कहना है कि पूछताछ के बाद घटना के पीछे के कारणों का खुलासा किया जाएगा और फरार आरोपी को भी जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



