
लंबित CRMC भुगतान के विरोध में स्वास्थ्यकर्मियों का हड़ताल, ओपीडी सेवाएं ठप होने से मरीजों में भारी परेशानी
नारायणपुर। नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में कार्यरत स्वास्थ्यकर्मियों को दी जाने वाली CRMC (नक्सल क्षेत्र प्रोत्साहन राशि) का भुगतान पिछले 12 माह से लंबित होने के विरोध में स्वास्थ्यकर्मियों ने बड़ा मोर्चा खोला। इसके चलते बस्तर संभाग के सभी जिलों में स्वास्थ्य सेवाएं बुरी तरह प्रभावित हुई हैं।
सभी ओपीडी सेवाएं बंद
डॉक्टरों, स्टाफ नर्सों, RMA और ANM ने एकजुट होकर विरोध प्रदर्शन किया। नारायणपुर, दंतेवाड़ा, बीजापुर, सुकमा, कोंडागांव और बस्तर जगदलपुर के जिला अस्पताल से लेकर CHC, PHC और SHC तक सभी ओपीडी सेवाएं पूरी तरह बंद रही। दूरदराज क्षेत्रों से आए मरीजों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।

स्वास्थ्यकर्मियों का आरोप
उन्होंने कहा कि जनता के हित में पिछले 12 महीनों तक धैर्य बनाए रखा, लेकिन बार-बार आश्वासन मिलने के बावजूद भुगतान नहीं हुआ। इसलिए उन्होंने यह कदम उठाया।
मांगें और चेतावनी
स्वास्थ्यकर्मियों ने मांग की है कि विधानसभा सत्र के दौरान स्वास्थ्य मंत्री तत्काल CRMC भुगतान की घोषणा करें, ताकि सेवाएं पुनः शुरू की जा सकें। उन्होंने स्पष्ट किया कि फिलहाल आपातकालीन सेवाएं चालू हैं, लेकिन यदि सरकार ने जल्द निर्णय नहीं लिया तो आंदोलन और तेज किया जाएगा। ओपीडी बंद रहने से आम जनता में नाराजगी देखने को मिली। मरीजों और उनके परिजनों ने प्रशासन से शीघ्र समाधान की उम्मीद जताई।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



