
रायपुर में आस्था पर हमला: JCB से गौशाला का शेड और हनुमान मूर्ति तोड़ी, दो बछड़ों की मौत
रायपुर। राजधानी रायपुर के टिकरापारा थाना क्षेत्र अंतर्गत धरमनगर इलाके में सोमवार देर रात एक गंभीर और संवेदनशील घटना सामने आई है। रात करीब 2 बजे जेसीबी मशीन से गौशाला के शेड को गिरा दिया गया और सार्वजनिक स्थान पर स्थापित भगवान हनुमान की मूर्ति को खंडित कर दिया गया। इस तोड़फोड़ में शेड के नीचे दबने से दो बछड़ों की मौत हो गई, जिससे क्षेत्र में आक्रोश फैल गया।

जानकारी के अनुसार, यह गौशाला पिछले करीब 32 वर्षों से संचालित की जा रही थी, जहां बीमार और अपाहिज गौवंशों की सेवा की जाती थी। आरोप है कि हथियारों से लैस करीब दो दर्जन लोगों ने मौके पर पहुंचकर जेसीबी से शेड को तोड़ा और हनुमान जी की मूर्ति को नुकसान पहुंचाया। इस दौरान गौशाला संचालक दंपती को जान से मारने और उनकी बेटियों के अपहरण की धमकी भी दी गई।
जमीन विवाद से जुड़ा मामला
पीड़ित पक्ष द्वारा पुलिस को सौंपे गए आवेदन में बताया गया है कि जिस स्थान पर हनुमान जी की मूर्ति और गौशाला बनी हुई है, वह पिछले 40 वर्षों से सार्वजनिक उपयोग में है। आरोप है कि एक व्यक्ति जमीन को अपनी बताते हुए वैध दस्तावेज और सीमांकन की मांग करने पर दबाव बना रहा था। पूर्व में राजस्व विभाग में शिकायत के बाद विवाद शांत हुआ था, लेकिन हाल ही में फिर से धमकियां मिलने लगीं।

थाने के बाहर हंगामा, पुलिस जांच में जुटी
घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग टिकरापारा थाने पहुंचे और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग को लेकर नारेबाजी की। पुलिस ने जेसीबी चालक को हिरासत में ले लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।थाना प्रभारी विनय सिंह बघेल ने बताया कि मूर्ति तोड़ने और गौशाला को नुकसान पहुंचाने का मामला गंभीर है। पुलिस टीम मौके पर भेजी गई है और जांच के बाद दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



