
Balrampur : संदिग्ध परिस्थितियों में बैगा का शव मिलने से हड़कंप, हत्या की आशंका
बलरामपुर। रामानुजगंज क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक बैगा समाज के व्यक्ति का शव संदिग्ध परिस्थितियों में उसके घर के बाहर मिला। शव औंधे मुंह पड़ा हुआ था, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीणों ने पुलिस को अवगत कराया।

शरीर पर चोट के कई निशान
मृतक के सिर, कमर और पीठ पर चोट के स्पष्ट निशान पाए गए हैं। इसके अलावा नाक से खून बहने के भी निशान मिले हैं। शरीर पर मिले इन घावों को देखकर परिजनों और समाज के लोगों ने हत्या की आशंका जताई है।
मृतक की पहचान, अकेला रहता था
मृतक की पहचान लल्लू पंडो (52 वर्ष) के रूप में हुई है, जो अकेले रहता था। मंगलवार सुबह जब ग्रामीणों ने उसके घर का दरवाजा बंद देखा तो उन्हें संदेह हुआ। बाद में घर के बाहर शव मिलने पर मामला उजागर हुआ।

समाज के लोगों ने की जांच की मांग
घटना के बाद पंडो समाज के ब्लॉक सचिव सहित समाज के अन्य लोगों ने निष्पक्ष जांच की मांग की है। उनका कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस को हर पहलू से जांच करनी चाहिए।
पुलिस जांच में जुटी
सूचना मिलने पर सनावल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो पाएगा। फिलहाल मामले की जांच जारी है।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



