
जांजगीर में हेड कांस्टेबल पर गिरी गाज, अवैध वसूली के आरोप में सस्पेंड
जांजगीर। जिले में पुलिस विभाग की छवि को धूमिल करने वाला मामला सामने आया है। अवैध वसूली करते पकड़े जाने के बाद एक हेड कांस्टेबल को निलंबित कर दिया गया है। वरिष्ठ अधिकारियों ने शिकायत की गंभीरता को देखते हुए तत्काल प्रभाव से कार्रवाई की है।
शिकायत के बाद हुई कार्रवाई
निलंबन आदेश के अनुसार, आवेदक टी.आर. साहू निवासी मड़वा ने रक्षित केंद्र में पदस्थ प्रधान आरक्षक विनोद दिवाकर के खिलाफ अवैध रकम की उगाही को लेकर गंभीर शिकायत पत्र प्रस्तुत किया था। शिकायत में आरोप लगाया गया कि हेड कांस्टेबल द्वारा गैरकानूनी तरीके से पैसे वसूले जा रहे थे।

प्रथम दृष्टया आरोप सही पाए गए
शिकायत पत्र की गंभीरता को देखते हुए विभागीय स्तर पर प्रारंभिक जांच की गई। जांच में प्रथम दृष्टया आरोप गंभीर पाए जाने पर प्रधान आरक्षक क्रमांक 138 विनोद दिवाकर को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया।
रक्षित केंद्र से किया गया संबद्ध
निलंबन के दौरान प्रधान आरक्षक विनोद दिवाकर को रक्षित केंद्र जांजगीर-चांपा में संबद्ध किया गया है। साथ ही उन्हें नियमानुसार निर्वाह भत्ते की पात्रता रहेगी।
विभागीय जांच की तैयारी
पुलिस विभाग द्वारा अब इस पूरे मामले में विस्तृत विभागीय जांच कराए जाने की तैयारी की जा रही है। जांच के बाद दोष सिद्ध होने पर कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई की संभावना जताई जा रही है।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



