
Bilaspur में भीषण सड़क हादसा, नेशनल हाईवे पर खड़े ट्रेलर से टकराई तेज रफ्तार बस, 16 यात्री घायल
बिलासपुर। रतनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत नेशनल हाइवे पर बुधवार तड़के करीब 5:30 बजे एक भीषण सड़क दुर्घटना हो गई। बिहार से रायपुर जा रही रॉयल बस दर्री पारा के पास सड़क किनारे खड़े ट्रेलर से जा टकराई। हादसे में बस में सवार 16 यात्री घायल हो गए, जिनमें से 11 यात्रियों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
तेज रफ्तार और कम दृश्यता बनी हादसे की वजह
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार बस की रफ्तार काफी तेज थी और सुबह के समय कम दृश्यता के कारण चालक ट्रेलर को समय पर नहीं देख सका। इसी वजह से बस सीधे ट्रेलर में जा घुसी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

घायलों को सिम्स किया गया रेफर
हादसे में गंभीर रूप से घायल यात्रियों को पहले रतनपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत को देखते हुए सभी को सिम्स बिलासपुर रेफर कर दिया गया। अन्य घायलों का इलाज स्थानीय स्तर पर जारी है।
पुलिस ने संभाली स्थिति, यातायात बहाल
दुर्घटना की सूचना मिलते ही रतनपुर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाने में मदद की और नेशनल हाइवे पर यातायात व्यवस्था को नियंत्रित किया। कड़ी मशक्कत के बाद क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर मार्ग को सुचारु किया गया।
जांच में जुटी पुलिस
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। बस चालक से पूछताछ की जा रही है और हादसे के कारणों की विस्तृत जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



