
Bilaspur में पालतू कुत्ते के हमले के बाद बवाल, युवक पर जानलेवा हमला
बिलासपुर। शहर और ग्रामीण इलाकों में आवारा व पालतू कुत्तों के बढ़ते आतंक का एक और मामला सामने आया है। सीपत थाना क्षेत्र के ग्राम पाण्डेयपुर में पालतू कुत्ते के हमले के बाद विवाद इतना बढ़ गया कि मामला मारपीट और जानलेवा हमले तक पहुंच गया ।
पालतू कुत्ते ने बुजुर्ग और बच्ची को काटा
जानकारी के अनुसार, ग्राम पाण्डेयपुर निवासी रोजी मजदूर शिव कुमार सूर्यवंशी के परिवार पर 10 दिसंबर को पालतू कुत्ते ने हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि कमलेश सूर्यवंशी के पालतू कुत्ते ने शिव कुमार के पिता और परिवार की एक बच्ची को काट लिया। इस हमले से दोनों को गंभीर घाव आए, जिससे उनके स्वास्थ्य पर खतरा मंडराने लगा।

समझाइश देने पहुंचे युवक पर हमला
घटना के बाद 14 दिसंबर की रात, पीड़ित बुजुर्ग के नाती संत कुमार अपने परिवार की सुरक्षा को लेकर कुत्ते के मालिक को समझाने उसके घर पहुंचा। उसने कुत्ते को बांधकर रखने की बात कही, ताकि भविष्य में किसी और को नुकसान न पहुंचे।

गाली-गलौज के बाद जानलेवा हमला
आरोप है कि इस बात पर कुत्ते के मालिक कमलेश सूर्यवंशी ने गाली-गलौज शुरू कर दी और हत्या की नीयत से संत कुमार पर हमला कर दिया। इसके बाद उसके परिवार के अन्य सदस्य अमन, कमल और राजकुमार सूर्यवंशी भी वहां पहुंच गए और सभी ने मिलकर युवक की बेरहमी से पिटाई की।
पुलिस में मामला दर्ज
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीड़ित युवक को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की जांच कर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



