
Jashpur में तेज रफ्तार कार का कहर, व्यापारी सहित पांच लोग गंभीर घायल
जशपुर। छत्तीसगढ़ में तेज रफ्तार वाहनों का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा मामला जशपुर जिले के बगीचा नगर से सामने आया है, जहां रविवार शाम दुर्गा मंदिर के सामने एक तेज रफ्तार कार ने सड़क पर चल रहे लोगों को रौंद दिया। इस दर्दनाक सड़क हादसे में नगर के प्रतिष्ठित व्यापारी प्रकाश जैन सहित कुल पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
दुर्गा मंदिर के सामने मची अफरा-तफरी
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसा उस वक्त हुआ जब दुर्गा मंदिर के सामने सड़क पर लोगों की आवाजाही अधिक थी। अचानक तेज रफ्तार से आई कार ने नियंत्रण खो दिया और राह चलते लोगों को कुचलते हुए निकल गई। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया।

दो मासूम बच्चे भी घायल
हादसे में घायल लोगों में दो पुरुष, एक महिला और दो मासूम बच्चे शामिल हैं। सभी घायलों को तुरंत स्थानीय लोगों की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
इलाके में तनाव, पुलिस मौके पर
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को संभाला। पुलिस ने कार को जब्त कर लिया है और चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
तेज रफ्तार बनी हादसे की वजह
प्राथमिक जांच में हादसे का मुख्य कारण कार की तेज रफ्तार बताई जा रही है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई कर रही है।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



