
रायपुर में दर्दनाक सड़क हादसा, तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आए दो बाइक सवार युवकों की मौके पर मौत
रायपुर। राजधानी रायपुर के कबीर नगर थाना क्षेत्र में शुक्रवार दोपहर एक भीषण सड़क हादसा हो गया। रिंग रोड नंबर-2 के पास तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से एक ही बाइक पर सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा।

कबीर नगर थाना प्रभारी सुनील दास ने बताया कि दोपहर करीब 3 बजे पुलिस को सड़क दुर्घटना की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस पेट्रोलिंग टीम तत्काल मौके पर पहुंची। जांच में सामने आया कि एक तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार दोनों युवकों को कुचल दिया, जिससे दोनों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
मौके पर पहुंची पुलिस
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला और रिंग रोड पर यातायात को नियंत्रित किया। इसके बाद दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
मृतकों की पहचान नहीं, परिजनों की तलाश जारी
प्रारंभिक जांच में पता चला है कि दोनों युवक एक ही बाइक पर सवार थे, हालांकि अब तक उनकी पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस आसपास के इलाकों में पूछताछ कर रही है और मृतकों के परिजनों की तलाश की जा रही है।
ट्रक जब्त, चालक की तलाश
हादसे के बाद पुलिस ने ट्रक को जब्त कर लिया है। साथ ही ट्रक चालक के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। यह भी जांच की जा रही है कि दुर्घटना तेज रफ्तार, लापरवाही या किसी अन्य कारण से हुई।

स्थानीय लोगों का कहना है कि रिंग रोड नंबर-2 पर भारी वाहनों की आवाजाही अधिक रहती है, जिससे अक्सर हादसों का खतरा बना रहता है। लोगों ने प्रशासन से इस क्षेत्र में यातायात व्यवस्था को और सख्त करने की मांग की है।फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों की आधिकारिक पुष्टि की जाएगी।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



