
जंगल में बाघ की संदिग्ध मौत से हड़कंप: शिकार या हमले की आशंका, जांच में जुटा वन विभाग
बलरामपुर। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले से सटे वाड्रफनगर वन परिक्षेत्र अंतर्गत भैंसामुंडा क्षेत्र के जंगल में एक बाघ का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से वन विभाग में हड़कंप मच गया है। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और पूरे इलाके को घेराबंदी कर सुरक्षित करते हुए जांच शुरू कर दी गई।

प्राथमिक जांच में बाघ के शरीर पर चोट के कई निशान पाए गए हैं, जिससे किसी हमले या अवैध शिकार की आशंका जताई जा रही है। वन विभाग द्वारा मौके पर ही प्रारंभिक परीक्षण किया गया है, जबकि बाघ के शव का पोस्टमार्टम कराए जाने की तैयारी चल रही है, ताकि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सके।
वरिष्ठ अधिकारी मौके पर, गश्त बढ़ी
घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ वन अधिकारियों को भी घटनास्थल पर बुलाया गया है। आसपास के जंगलों में गश्त बढ़ा दी गई है और स्थानीय ग्रामीणों से पूछताछ की जा रही है, ताकि किसी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिल सके।

सरहदी वन क्षेत्र में सुरक्षा पर सवाल
इस संबंध में वन मंडल अधिकारी आलोक बाजपेई ने बताया कि घटनास्थल सूरजपुर जिले के अंतर्गत आने वाला सरहदी वन क्षेत्र है, जहां बाघ जैसे संरक्षित वन्यजीवों पर विशेष निगरानी की आवश्यकता रहती है। उन्होंने कहा कि पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों पर स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।
हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



